इंदौर। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के इंदौर (Indore) में मंगलवार को बोरवेल की खुदाई (Borewell drilling) के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, दरअसल खुदाई के दौरान ड्रिलिंग मशीन जमीन के नीचे से गुजर रही PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) (PNG -Piped Natural Gas) लाइन से टकरा गई, जिसके बाद वहां लाइन फट गई और विस्फोट के साथ आग लग गई। इस घटना के दौरान आग की चपेट में आकर वहां मौजूद एक महिला समेत चार लोग झुलस गए, जबकि दो वाहन जल गए। हालांकि इस दुर्घटना में किसी जनहानि की कोई खबर नहीं है, जबकि एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा विजय नगर थाना क्षेत्र स्थित सुमन नगर जैन मंदिर के पास हुआ। इस दौरान वहां से गुजर रही अवंतिका गैस पाइपलाइन (Avantika Gas Pipeline) में ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में 1 महिला और 3 पुरुष घायल हो गए। घायलों में विजय पटेल नाम का युवक गंभीर रूप से झुलस गया।
भूमिगत लाइन से टकरा गई ड्रिलिंग मशीन
हादसे की जानकारी देते हुए विजय नगर थाने के उप निरीक्षक अजय सिंह ने बताया कि घटना साजन नगर कॉलोनी में हुई, जहां नलकूप खनन (बोरवेल खुदाई) या जल संरक्षण (वॉटर हार्वेस्टिंग) से जुड़ा काम चल रहा था। उन्होंने बताया कि ड्रिलिंग मशीन अवंतिका गैस की भूमिगत पीएनजी लाइन से टकरा गई जिससे विस्फोट हुआ और आग लग गई।
निजी अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
सिंह ने बताया कि विस्फोट के समय घटनास्थल से गुजर रहे राहगीर आग की जद में आकर झुलस गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि चार घायलों में तीन पुरुष और एक महिला शामिल हैं तथा उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
करीब 20 प्रतिशत झुलस गई महिला
सिंह ने बताया कि घायलों में शामिल महिला करीब 20 प्रतिशत झुलसी है, जबकि एक युवक को छोड़ अन्य लोगों को अपेक्षाकृत कम चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि घायलों में एक मैकेनिक भी है जिसके हाथ में मामूली चोट लगी है। पुलिस अधिकारी के अनुसार घटना में दो वाहन भी जल गए।
वॉल्व बंद करने की वजह टला बड़ा हादसा
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। सिंह ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पीएनजी लाइन के वॉल्व बंद कर दिए गए जिससे गैस का रिसाव रुक गया। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।
