Saturday, June 20खबर जो असर करे |
Shadow

शीर्षक : हत्या की साजिश का आरोप लगाकर थाने पहुंचे तेज प्रताप, बोले- ‘हम पर हमला कराया जा सकता है’

पटना। जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने छात्र नेता आकाश यादव के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पटना के सचिवालय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है और उन्हें लगातार धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।

शुक्रवार देर रात सचिवालय थाना पहुंचे तेज प्रताप यादव ने छात्र नेता आकाश यादव समेत आठ लोगों के खिलाफ शिकायत दी। थाना प्रभारी गौतम कुमार ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

थाने के बाहर मीडिया से बातचीत में तेज प्रताप यादव ने कहा कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है और विरोधियों के साथ मिलकर उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद चार लोग उनके घर में जबरन घुस आए थे। उनके मुताबिक, समय रहते वे लोग वहां से निकल गए, लेकिन उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है।

तेज प्रताप ने कहा कि उन्होंने पहले अपनी सुरक्षा सरकार को लौटा दी थी, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। इस संबंध में अदालत में भी आवेदन दिया गया है और प्रक्रिया जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी मुलाकात करेंगे।

दूसरी ओर, छात्र नेता आकाश यादव पहले ही तेज प्रताप यादव और उनके सहयोगी मोतीलाल के खिलाफ पाटलिपुत्र थाने में मामला दर्ज करा चुके हैं। आकाश यादव का आरोप है कि छह जून को तेज प्रताप उनके घर पहुंचे थे और जबरन प्रवेश करने की कोशिश की थी। उनका कहना है कि तेज प्रताप उनकी बहन अनुष्का यादव की बेटी उज्जैनी से मिलने के लिए घर आए थे और बच्ची को साथ ले जाने की धमकी भी दी थी।

आकाश यादव ने यह भी दावा किया है कि उनके परिवार को लगातार डर और दबाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि 10 जून को विदेश से लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर एक धमकी भरा फोन कॉल भी आया था, जिसमें पुलिस के पास जाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद दोनों के रिश्तों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। बाद में संबंधित पोस्ट हटाकर अकाउंट हैक होने का दावा किया गया था। इस पूरे विवाद के बाद राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से अलग करने का फैसला लिया था।

इसी वर्ष फरवरी में अनुष्का यादव ने एक बेटी को जन्म दिया, जिसका नाम उज्जैनी रखा गया। हालांकि तेज प्रताप यादव ने सार्वजनिक रूप से बच्ची को अपनी संतान मानने से इनकार किया था। वहीं, हाल के महीनों में उनके परिवार के साथ संबंधों में सुधार के संकेत भी देखने को मिले हैं और कई पारिवारिक कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *