Tuesday, June 16खबर जो असर करे |
Shadow

धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा मॉनसून…..अगले 5 दिन में इन राज्यों में करेगा एंट्री

नई दिल्ली। देशभर में लोग मॉनसून (Monsoon) का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी बनी हुई है. हालांकि मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून (Southwest Monsoon) धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और अगले 4 से 5 दिनों में कई नए राज्यों के हिस्सों तक पहुंच सकता है. इस बीच देश के कई इलाकों में बारिश (Rain), आंधी (Thunderstorms) और तेज हवाओं (Strong Winds) का दौर जारी रहने की संभावना है.


मौसम विभाग के अनुसार, 15 जून को मॉनसून ने आंध्र प्रदेश के शेष हिस्सों, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ और क्षेत्रों में प्रगति की है. इसके बावजूद उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में अभी भी मॉनसून का इंतजार बना हुआ है.


IMD के मुताबिक अगले 5 दिनों के दौरान मॉनसून के महाराष्ट्र, कर्नाटक के शेष भागों, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. अगर मौसम की मौजूदा स्थिति बनी रहती है तो इन क्षेत्रों में जल्द ही अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।


आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में दिन के समय गर्मी और उमस बनी रह सकती है. हालांकि शाम के समय तेज हवाएं, धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना है. राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।


वहीं पूर्वोत्तर राज्यों-असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है. कुछ संवेदनशील इलाकों में जलभराव और भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है. दूसरी ओर, महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्रों में गर्मी और हीटवेव जैसी स्थिति बनी रह सकती है. कोंकण और गोवा में उमस भरा मौसम लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *