भोपाल! भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में केंद्रीय आयुष एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रतापराव जाधव, 27 मई को विश्वप्रसिद्ध खजुराहो स्मारक समूह में आयोजित होने वाले 25वें “काउंट डाउन” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। साथ ही उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम में योग, स्वास्थ्य एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने का संदेश दिया जाएगा। यह आयोजन 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (IDY-2026) के अंतर्गत संचालित 100 दिवसीय जन-जागरूकता एवं प्रसार अभियान का महत्वपूर्ण चरण है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी पहल के परिणामस्वरूप संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2014 में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया। वर्ष 2015 में प्रथम आयोजन के बाद से योग आज एक वैश्विक जनआंदोलन के रूप में स्थापित हो चुका है। प्रदेश सरकार भी योग एवं आयुष पद्धतियों के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
खजुराहो जैसे विश्व धरोहर स्थल पर आयोजित यह कार्यक्रम योग की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं स्वास्थ्यवर्धक परंपरा को नई ऊर्जा प्रदान करेगा तथा नागरिकों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।
