Friday, May 15खबर जो असर करे |
Shadow

सुआ पहाड़ जंगल में पेड़ से लटका मिला नर कंकाल, मार्च से लापता किसान की हुई पहचान

पेड़ पर लटका मिला कंकाल

कोरबा। जिले के रजगामार क्षेत्र स्थित सुआपहाड़ जंगल में बुधवार को एक पेड़ से लटका नर कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कंकाल की पहचान दरगा निवासी मान सिंह (45) के रूप में हुई है, जो मार्च माह से लापता थे। परिजनों ने मौके पर मिले कपड़ों और अन्य सामान के आधार पर उनकी शिनाख्त की।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह ग्रामीणों ने सुआपहाड़ के घने जंगल में एक पेड़ से कंकाल लटका देखा। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना रजगामार पुलिस चौकी को दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विनोद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि जहां कंकाल मिला, वह स्थान पहाड़ी क्षेत्र में करीब 25 किलोमीटर अंदर घने जंगल में स्थित है।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि मान सिंह खेती-किसानी का कार्य करते थे। होली के बाद से वे अचानक घर से लापता हो गए थे। परिवार ने रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में परिजनों ने रजगामार चौकी में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस ने कंकाल को पेड़ से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।

रजगामार चौकी प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत कब, कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *