Friday, May 15खबर जो असर करे |
Shadow

खैर वनोपज के अवैध व्यापार में शामिल मुख्य सरगना अनूप यादव को किया गिरफ्तार

भोपाल! सामान्य वनमंडल शिवपुरी के वन परिक्षेत्र सतनवाड़ा अंतर्गत शिकार, अवैध कटाई एवं अवैध परिवहन के आरोपी अनूप यादव पर 7 मई, 2025 को अपराध प्रकरण दर्ज किया गया था। फरार आरोपी की तलाश के लिये स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स द्वारा दल बनाकर राज्य के बाहर हरियाणा व राजस्थान भेजा गया था। मुखबिर तंत्र विकसित कर छापामार कार्यवाही की गई। कार्यवाही में खैर के अवैध व्यापार के मुख्य सरगना अनूप यादव पुत्र सुरेश यादव, उम्र 34 वर्ष, निवासी झांसी खास, सीपरी बाजार, जिला झांसी (उ.प्र) को 10 मई, 2026 को मध्यप्रदेश स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स, क्षेत्रीय इकाई शिवपुरी, वनमंडल शिवपुरी और वनमंडल ग्वालियर द्वारा संयुक्त कार्यवाही के दौरान घाटीगांव, जिला ग्वालियर से गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में आरोपी द्वारा खैर की अवैध कटाई कर अवैध परिवहन कर हरियाणा भेजा गया था।

आरोपी अनूप यादव को 11 मई, 2026 को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शिवपुरी के समक्ष पेश किया गया। आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में सर्किल जेल शिवपुरी में निरुद्ध है। प्रकरण की विवेचना जारी है। उक्त आरोपी के विरुद्ध खैर के अवैध व्यापार एवं परिवहन से संबंधित वन विभाग के कुल 2 प्रकरण पूर्व से पंजीबद्ध है। इनमें प्रथम प्रकरण वनमंडल शिवपुरी (सामान्य) के वन परिक्षेत्र शिवपुरी अंतर्गत तथा द्वितीय प्रकरण वनमंडल दतिया के वन परिक्षेत्र गोराघाट अंतर्गत दर्ज है। इसके अतिरिक्त थाना गोराधाट में भारतीय दंड संहिता की धारा 307 के अंतर्गत वन अमले पर जानलेवा हमला किये जाने संबंधी प्रकरण भी पंजीबद्ध है।

आरोपी का संगठित गिरोह घाटीगांव-ग्वालियर, सतनवाड़ा-शिवपुरी एवं मुरैना क्षेत्र में सक्रिय होकर खैर के व्यापार एवं परिवहन गतिविधियों में संलिप्त है। उक्त क्षेत्रों से खैर की अवैध कटाई करवाकर ट्रक से हरियाणा भेजी जाती है। खैर वनोपज की तस्करी संगठित गिरोह द्वारा देश के कई राज्यों में की जा रही है। खैर की लकड़ी का उपयोग पान मसाला और कत्था बनाने में किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *