Thursday, April 23खबर जो असर करे |
Shadow

अमरकंटक ताप विद्युत गृह की यूनिट नंबर 5 ने 560 दिन किया लगातार उत्पादन

भोपाल ! मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड (MPPGCL) के अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई (ATPS) की 210 मेगावाट क्षमता की यूनिट नंबर 5 ने एक बार फिर कमाल दिखाते हुए 560 दिन निर्बाध विद्युत उत्पादन करते हुए एनटीपीसी के विंध्याचल सुपर ताप विद्युत गृह सिंगरौली को पीछे छोड़ दिया। देश के ताप विद्युत उत्पादन के इतिहास में अब चचाई की यह यूनिट 210 मेगावाट श्रेणी में सर्वाधिक दिनों तक निर्बाध विद्युत उत्पादन करने वाली दूसरी यूनिट बन गई। समग्र रूप से और सभी श्रेणी में देखा जाए तो अमरकंटक ताप विद्युत गृह की यह यूनिट सर्वाधिक लगातार विद्युत उत्पादन करने वाले विद्युत इकाइयों में चौथे स्थान पर अपना नाम दर्ज करवा चुकी है। चचाई की यह यूनिट 1 अक्टूबर 2024 से निर्बाध रूप से विद्युत उत्पादन कर रही है।

ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि अमरकंटक ताप विद्युत गृह के यूनिट नंबर 5 द्वारा हासिल की गई यह यह उपलब्धि गहन योजना, मज़बूत निवारक रखरखाव प्रक्रियाओं, बारीकी से की गई परिचालन निगरानी और ATPS की पूरी परिचालन व रखरखाव टीम के अटूट समर्पण का परिणाम है। इतनी लंबी अवधि तक बिना किसी बड़ी रुकावट के निर्बाध परिचालन बनाए रखना अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई के पेशेवर रूख, प्रतिबद्धता और तकनीकी दक्षता का प्रमाण है।

यह उल्लेखनीय उपलब्धि न केवल ATPS के लिए गौरव का विषय है, बल्कि यह मध्यप्रदेश के उपभोक्ताओं को विश्वसनीय और किफायती बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में MPPGCL के योगदान को भी काफी मज़बूत करती है। यह कंपनी के अन्य बिजली उत्पादन केंद्रों के लिए अनुकरण करने के लिये एक मानक स्थापित करती है।

सर्वाधिक दिन के उत्पादन के साथ तकनीकी मापदंड में भी यूनिट दिखा रही कमाल

अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई की 210 मेगावाट क्षमता की यूनिट नंबर 5 सर्वाधिक दिन संचालित होने के साथ तकनीकी रूप से भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रही है। इस दौरान यूनिट ने 98.78% प्लांट अवेलेबिलिटी फैक्टर (PAF), 95.48% प्लांट लोड फैक्टर (PLF) व 9.28% ऑक्जलरी कंजम्प्शन जैसे उच्च मानक हासिल किए। ये प्रभावशाली आंकड़े स्पष्ट रूप से उच्च स्तर की दक्षता, विश्वसनीयता व तकनीकी उत्कृष्टता को दर्शाते हैं, जिसे चचाई प्लांट टीम द्वारा निरंतर बनाए रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *