Saturday, March 14खबर जो असर करे |
Shadow

किसानों को सिंचाई के लिए दिन में भी मिलेगी बिजली : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार धरती पुत्र किसान की खुशहाली और विकास के लिए कृत संकल्पित है। राज्य सरकार किसानों और लाड़ली बहनों सहित हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। सरकार ने गांव-गांव तक सिंचाई सुविधा पहुंचाने का संकल्प लिया है। किसानों को सिंचाई के लिए अब दिन में भी बिजली मिलेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को कटनी जिले के बरही में आयोजित किसान सम्मेलन कृषि महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों की जिंदगी बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार हर कदम पर किसानों के साथ खड़ी है। जरूरतमंदों के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले, इसके लिए प्रदेश में भव्य सांदीपनि विद्यालयों की स्थापना की जा रही है। उन्होंने इस अवसर पर घोषणा करते हुए कहा कि कटनी में शीघ्र ही मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कृषक कल्याण वर्ष 2026 में कटनी को 1000 करोड़ की सौगात दी एवं जिले के लिए 243 करोड़ रुपये की लागत के 97 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। इसमें नवर्निमित पुल, महाविद्यालय और सांदीपनि विद्यालय भी शामिल हैं। किसानों की समृद्धि पर केंद्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। विजयराघवगढ़ के नागरिकों ने भव्य रोड-शो में मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी अभिवादन कर स्वागत के लिये जनता का आभार माना।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत बड़े तालाब के सौंदर्यीकरण की सौगात दी एवं विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये। मुख्यमंत्री ने श्री विजयनाथ धाम की नगरी बरही में आयोजित किसान सम्मेलन में किसान कल्याण को समर्पित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री को प्रतीक स्वरूप हल और स्मृति-चिन्ह के तौर पर लड्डू गोपाल की मूर्ति भेंट किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 9 लाख करोड़ की नई रोजगार आधारित औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जा रही हैं। मध्य प्रदेश देश में सबसे तेज गति से विकास करने वाला राज्य बना है। प्रदेश में बेरोजगारी दर राष्ट्रीय औसत से भी कम है। राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण और रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जिले में जलाशयों और नहरों के जीर्णोद्धार के साथ ही सड़क निर्माण एवं पुलिया के उन्नयन के कार्य भी किये जाएंगे। बरही में वॉलीबॉल का इंडोर स्टेडियम बनाएंगे, साथ ही महानदी और उमड़ार नदी के संगम पर सिंचाई परियोजना की सौगात दी जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में युवाओं के लिये खेल स्टेडियम का निर्माण भी किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहनों के लिए सरकारी खजाने में कोई कमी नहीं है। प्रदेश सरकार को बहनों का आशीर्वाद मिल रहा है। प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 27 हजार लाड़ली बहनों को साढ़े 1800 करोड़ से अधिक की राशि प्रदान की है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं और सभी पात्र हितग्राहियों को हर माह 1500 रुपये की सौगात मिल रही है। ग्रामीणों के सिर पर पक्के मकान की छत मिले, इसके लिए बहुत जल्द सर्वे शुरू किया जाएगा। सड़क हादसों में घायलों की मदद के लिए सरकार ने ‘राहवीर योजना’ की शुरुआत की है। घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले को सरकार 25 हजार की प्रोत्साहन राशि दी है। पीएम राहत योजना के तहत अस्पताल में घायल के लिए डेढ़ लाख रुपये तक के नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था है। नागरिकों की जान बचाने के लिए एयर एम्बुलेंस का नवाचार प्रारंभ किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की समृद्धि के लिए राज्य सरकार सिंचाई के लिए पर्याप्त जल, बिजली और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में वर्ष 2004 से अब तक गेहूं के मूल्य में 2000 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक की वृद्धि हुई है। किसानों को बोनस का लाभ देकर इस वर्ष 2625 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं खरीदा जा रहा है। प्रदेश में पिछले 2 वर्ष में सिंचाई का रकबा बढ़कर 55 लाख हैक्टेयर हो गया है, जिसे आगामी वर्षों में 100 लाख हैक्टेयर करने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों को सालभर में 12 हजार रुपये की सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि दूध-दही हजारों साल से भारत की पहचान है। राज्य सरकार ने प्रदेश में दूध का उत्पादन 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा है। बच्चों को स्वस्थ बनाने के लिए माता यशोदा योजना में स्कूलों में बच्चों को नि:शुल्क दूध के पैकेट वितरित किये जाएंगे। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अब ड्रॉप आउट 6 प्रतिशत से शून्य पर आ गया है। मध्य प्रदेश इस मामले में राष्ट्रीय औसत से आगे निकल चुका है। राज्य सरकार स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में युवाओं को मौके दिए जा रहे हैं। प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरुआत होने वाली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के हितों को सर्वोपरि रखा है। अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के बीच हमारे जहाज तिरंगा लगाकर शान से स्वदेश लौट रहे हैं। वर्तमान परिस्थितियों में खाड़ी के देशों में जारी संकट के बीच नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान शर्मनाक हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर बार की तरह अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन करते हुए युद्ध में फंसे विद्यार्थियों और नागरिकों को सुरक्षित निकाला है।

सम्मेलन को सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह, विधायकगण संदीप जायसवाल, धीरेंद्र बहादुर सिंह, प्रणय प्रभात पांडे, श्रीकांत चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बड़ी संख्या में किसान बंधु और स्थानीय लोग उपस्थित थे।


मुख्यमंत्री ने बड़े तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने कटनी जिले के बरही भ्रमण के दौरान बड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ किया। जल गंगा संवर्धन अभियान में बड़ा तालाब बरही का 50 लाख रुपये की लागत से कायाकल्प किया जा रहा है। इसमें तालाब के चारों ओर घाट निर्माण, फव्वारे का निर्माण के साथ ही अन्य सौंदर्यीकरण कार्य शामिल है। मुख्यमंत्री ने बरही के श्री विजयनाथ धाम मंदिर में भगवान शंकर का दर्शन-पूजन कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि व आरोग्यमय जीवन की प्रार्थना की।


मुख्यमंत्री का आभार रैली में हुआ आत्मीय स्वागत

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को कटनी जिले के बरही में आभार रैली में शामिल हुए। आभार रैली मुख्य बाजार मार्ग से होते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। रैली के मार्ग पर बरहीवासियों ने पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी जनता का अभिवादन किया। किसानों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों सामाजिक संगठनों और प्रबुद्धजनों ने मुख्यमंत्री का पुष्प वर्षा कर स्वागत और अभिनन्दन किया। आभार रैली में विभिन्न स्थानों पर स्टॉल लगाकर नागरिकों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इनमें मेडिकल व्यापारी संघ, किराना व्यापारी संघ, सराफा व्यापारी संघ, कपड़ा व्यापारी संघ, वॉलीबॉल स्पोर्ट क्लब, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार, हार्डवेयर संघ, कसोधन गुप्ता समाज, अधिवक्ता संघ, सेल यूनियन परिवार, पार्षद एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल रहे।


बरही सूक्ष्म उद्वहन सिंचाई परियोजना के लिये माना आभार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 27 ग्रामों के करीब 11 हजार किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने की महत्वाकांक्षी बरही सूक्ष्म उद्वहन सिंचाई परियोजना के लिये किसानों ने आभार रैली में शामिल होकर स्वागत किया गया। राज्य मंत्रि-परिषद से मिली परियोजना की स्वीकृति पर कृतज्ञता और आभार व्यक्त किया गया। बरही सूक्ष्म उद्वहन सिंचाई परियोजना की लागत 566.92 करोड़ रुपये है। इसके पूर्ण होने के बाद बरही एवं विजयराघवगढ़ तहसील के 27 गांवों की करीब 20 हजार हैक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे लगभग 11 हजार किसानों के खेतों तक फसलों की सिंचाई के लिए पानी पहुंचेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *