Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

जमकर बरसा रंग-गुलाल, उत्साह के साथ मनाई होली, सुरक्षा प्रबंध रहे कड़े

मुरैना। जिले भर में होली का त्योहार हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर और गांवों की गलियों में रंग-गुलाल उड़ता नजर आया। लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और ढोल-नगाड़ों के साथ जमकर नृत्य किया।

बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में होली का उत्साह देखने को मिला। युवाओं की टोलियां डीजे की धुन पर नाचती हुई नजर आईं, वहीं कई स्थानों पर फाग गीतों और पारंपरिक संगीत के साथ होली खेली गई। घरों में पकवान बनाए गए और लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। होली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया था। जगह-जगह पुलिस की गश्त भी जारी रही, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। 

बॉक्स

कपड़ा फाड़ एवं कीचड़ की होली भी जमकर खेली

रंग अबीर गुलाल के साथ शहर में इस बार जमकर कपड़ा फाड़ एवं कीचड़ की होली खेली गई। पीपल वाली माता,इस्लामपुरा सहित कई इलाकों में युवाओं की टोली एक दूसरे के कपड़े फाड़कर रंग डालकर मस्ती करते नजर आए, वहीं कई इलाकों में मिट्टी एवं कीचड़ की होली भी युवाओं द्वारा खेली गई।

बॉक्स

पुलिस लाइन में बरसे होली के रंग, डीजे की धुन पर नाचे अधिकारी और कर्मचारी          

होली का त्योहार पुलिस लाइन में पूरे उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। जिला पुलिस बल के साथ मुरैना एसपी समीर सौरव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह डाबर और सीएसपी दीपाली चंदोरिया सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने गुलाल की होली खेली।

इस दौरान पुलिस लाइन में डीजे की धुन पर पुलिसकर्मी जमकर थिरकते हुए नजर आए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह डाबर भी पुलिसकर्मियों के साथ बड़े ही उत्साह के साथ नाचते हुए दिखाई दिए। सभी अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और खुशियां साझा कीं। होली के इस खास मौके पर पुलिसकर्मियों ने रंग और गुलाल के साथ त्योहार का आनंद लिया। वहीं फायर ब्रिगेड के पानी से भी होली का रंग का उत्साह और बढ़ गया। पुलिस अधिकारियों ने सभी को संदेश दिया कि होली का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *