Thursday, March 5खबर जो असर करे |
Shadow

आज ‘प्रेम-सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में अपना 67वां जन्मदिन मना रहे शिवराज… नागरिकों को देंगे ये सौगातें

भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) गुरुवार को अपना 67वां जन्मदिन (67th Birthday) मनाएंगे और इस दिन को उन्होंने बेहद खास अंदाज में ‘प्रेम-सेवा संकल्प दिवस’ के तौर पर मनाने की घोषणा की है। इसके अंतर्गत वे अपने संसदीय क्षेत्रों के लोगों को कोचिंग क्लासेस और मोबाइल अस्पताल जैसी कई जन उपयोगी सेवाओं की सौगात देंगे। अपने समर्थकों खास तौर पर युवाओं के बीच शिवराज ‘मामा’ के नाम से मशहूर हैं और गुरुवार को उनके द्वारा दी जाने वाली सौगातों भी इसी नाम से शुरू की जाएंगी। उनके दफ्तर की तरफ से दी गई जानकारी में बताया गया कि पूर्व मुख्यमंत्री गुरुवार को पर्यावरण, सेवा, सहायता, शिक्षा और योग्यता पर आधारित पांच सौगातें जनता को देंगे।


‘प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान’ की करेंगे शुरुआत
चौहान ने इस मौके पर अपने माता-पिता की याद में ‘प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान’ अवॉर्ड शुरू करने का फैसला भी किया है। इसके तहत विदिशा संसदीय क्षेत्र के आठों विधानसभा क्षेत्रों में 10वीं और 12वीं कक्षा में टॉप करने वाले तीन विद्यार्थियों को 51,000, 31,000 और 21,000 रुपए का इनाम दिया जाएगा।


‘मामा चलित अस्पताल’ की करेंगे शुरआत
अपने जन्मदिन के मौके पर पूर्व सीएम अपने संसदीय क्षेत्र की आठों विधानसभाओं को ‘मामा चलित हॉस्पिटल’ की सौगात भी देंगे, जिसका मकसद ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना है। गाड़ियों पर संचालित होने वाले इन अस्पतालों में आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाएं और योग्य डॉक्टर होंगे जो गांवों और बस्तियों में मुफ्त इलाज और चिकित्सकीय परामर्श देंगे। यह पूरी पहल सांसद क्षेत्रीय विकास निधि (MPLAD) और जनभागीदारी के माध्यम से संचालित की जाएगी।


मामा कोचिंग क्लासेस की होगी शुरुआत
संसदीय क्षेत्र को तीसरी सौगात के रूप में केंद्रीय मंत्री विदिशा शहर, रायसेन और भैरुंदा में ‘मामा कोचिंग क्लासेस’ सेवा को भी लॉन्च करेंगे। यहां पर युवाओं को बैंकिंग, SSC, MPPSC, DRDO और वन सेवा जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री कोचिंग देते हुए मुफ्त में तैयारी कराई जाएगी।


बाटेंगे मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल
इसके अलावा चौहान इस मौके पर दिव्यांग लोगों की मदद के लिए एक अभियान को भी शुरू करेंगे। जिसके तहत वे चिह्नित लाभार्थियों के बीच मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल का वितरण भी करेंगे, ताकि वे चल-फिर सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।


‘शिव वृक्ष मित्र’ बनने का आह्वान
इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिन के मौके पर मिलने आने वाले अपने समर्थकों से फूल-माला, गुलदस्ते, शॉल या अन्य कोई गिफ्ट लाने की बजाय एक पौधा लगाने और उसकी फोटो पोर्टल पर अपलोड कर ‘शिव वृक्ष मित्र’ बनने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *