Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

चीन ने ईरान के समर्थन का किया ऐलान, अमेरिका-इजराइल से सैन्य कार्रवाई रोकने की अपील

बीजिंग/तेहरान । पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच चीन ने ईरान के प्रति अपना समर्थन दोहराया है। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने सोमवार को अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची से फोन पर बातचीत में कहा कि बीजिंग तेहरान की संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा के प्रयासों का समर्थन करता है।

चीनी सरकारी प्रसारक चीन सेंट्रल टेलीविजन (सीसीटीवी) के मुताबिक, वांग यी ने कहा कि चीन और ईरान के बीच पारंपरिक मित्रता को बीजिंग महत्व देता है। उन्होंने कहा कि चीन ईरान की संप्रभुता, सुरक्षा, क्षेत्रीय अखंडता और राष्ट्रीय सम्मान की रक्षा के साथ-साथ उसके वैध अधिकारों और हितों की सुरक्षा के प्रयासों का समर्थन करता है।

वांग यी ने अमेरिका और इजराइल से तत्काल सैन्य अभियान रोकने की अपील भी की। उनके अनुसार, बीजिंग ने दोनों देशों से आग्रह किया है कि वे तुरंत सैन्य कार्रवाई बंद करें, तनाव को और न बढ़ाएं तथा संघर्ष को पूरे मध्य-पूर्व क्षेत्र में फैलने से रोकें।

चीन की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब क्षेत्र में युद्ध का दायरा लगातार बढ़ रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कूटनीतिक प्रयास तेज हो रहे हैं। बीजिंग लंबे समय से मध्य-पूर्व में स्थिरता और संवाद आधारित समाधान की वकालत करता रहा है। (हि.स.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *