Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

Rajasthan: बालोतरा में भीषण सड़क हादसा… ओवरटेक के दौरान ट्रेलर से भिड़ी स्लीपर बस, 6 लोगों की मौत

बालोतरा। राजस्थान (Rajasthan) के बालोतरा जिले (Balotra district) के सरवड़ी गांव में नेशनल हाईवे-25 (National Highway-25) पर शुक्रवार शाम करीब 4 बजे दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। जोधपुर से सांचौर की ओर जा रही एक स्लीपर बस ओवरटेक के दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का ड्राइवर साइड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस में ज्यादातर यात्री जालोर और सांचौर क्षेत्र के थे, जो होली की छुट्टियों में अपने गांव लौट रहे थे। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।


ओवरटेक बना मौत का कारण
बालोतरा के एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि बस चालक आगे चल रही दो गाड़ियों को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर से बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर ड्राइवर साइड से हुई, जिससे बस का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया।


हादसा इतना भयावह था कि बस के अंदर बैठे यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कुछ शव सीटों से नीचे लटके नजर आए। इस हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। 3 साल के शिवराज और 6 साल के युवराज, जो सगे भाई थे, इस टक्कर में काल का ग्रास बन गए। दोनों के पिता धारूराम बागोड़ा (जालोर) के निवासी हैं। हादसे में जान गंवाने वालों में नरपत (50) निवासी चितलवाना (जालोर), नगाराम (38) निवासी सायला (जालोर), अनुषा (22) निवासी दांता (जालोर), शिवराज (3) और युवराज (6) शामिल हैं।


होली पर घर लौट रही छात्रा और एलडीसी की भी मौत
मृतकों में सांचौर निवासी 22 वर्षीय अनुषा भी शामिल है, जो जोधपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। उसके पिता किसान हैं। वहीं नरपत (30) पुत्र सदराम जोधपुर में वाणिज्य कर विभाग में एलडीसी के पद पर कार्यरत थे। दोनों होली की छुट्टियों में अपने गांव लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी जिंदगी थम गई।


रेस्क्यू ऑपरेशन और घायलों को जोधपुर रेफर
सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। एंबुलेंस के जरिए उन्हें कल्याणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 8 गंभीर घायलों को जोधपुर रेफर कर दिया गया।


घायलों को जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें महबूब खान (22), शकील (18) निवासी चारणाई (फलोदी), बीबा (30), धारूराम मेघवाल (29), जैताराम (30), बगदाराम (60) निवासी बागोड़ा (जालोर), जितेंद्र (23) निवासी बांवरला (जालोर) और कृष्ण कुमार विश्नोई (21) निवासी मेधावा (चितलवाना) शामिल हैं।


हाईवे पर जाम, अस्पताल में मातम
हादसे के बाद नेशनल हाईवे-25 पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। शवों को बालोतरा के नाहटा अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।


होली के त्योहार से पहले हुए इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिन घरों में रंग और उल्लास की तैयारी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *