मुंबई। ज़ी टीवी का शो ‘जाने अनजाने हम मिले’, जिसमें भारत अहलावत (राघव) और आयुषी खुराना (रीत) नजर आ रहे हैं, हाल ही में एक बेहद नाज़ुक और झकझोर देने वाला सीन लेकर आया। इस सीन में उन्नति का किरदार निभा रहीं सहज राजपूत पर शारीरिक हमला होता है। ये सीन सिर्फ कहानी का अहम हिस्सा नहीं बना, बल्कि सहज के लिए इसे शूट करना भी आसान नहीं रहा।
एपिसोड में दिखाया गया कि एक ठग, जो लंबे समय से उन्नति का पीछा कर रहा था, पार्टी के दौरान उस पर हमला कर देता है। हाल में टेलीकास्ट हुए इस सीन में घटना के बाद उन्नति जिस गहरे सदमे से गुजरती है, उसे बड़ी सच्चाई से दिखाया गया है। कैमरे के पीछे भी ये सीन सहज के लिए आसान नहीं था, क्योंकि पहली बार उन्होंने स्क्रीन पर इतना तीखा सीन किया। एक एक्टर के तौर पर वो मानसिक रूप से तैयार थीं, लेकिन ऐसे हमले को निभाना उन पर अंदर तक असर छोड़ गया।
इस अनुभव को साझा करते हुए सहज ने कहा, “ये सीन मेरे लिए खास तौर पर मुश्किल था, क्योंकि इसमें काफी शारीरिक एक्शन था, जैसे हमलावर का सामना करना और उसे धक्का देना। हमारे डायरेक्टर ने पूरा माहौल सहज रखा और मुझे उस स्थिति में ढलने में मदद की। उस सीन के दौरान मैं पूरी तरह किरदार में डूब गई थी। इसे करते हुए मैं अंदर तक प्रभावित हुई, लेकिन एक कलाकार होने की सबसे खूबसूरत बात यही है कि आप हर एहसास को सच में जीते हैं। एक कलाकार के रूप में ये सीन आसान नहीं था और मैं शुक्रगुजार हूं कि मुझे इतना कठिन सीन करने का मौका मिला, क्योंकि ऐसे पल ही आपको एक कलाकार के तौर पर परखते हैं।”
इस सीन के लिए प्रेरणा के बारे में बात करते हुए सहज ने आगे कहा, “उस मायने में आलिया भट्ट मेरे लिए प्रेरणा रही हैं। फिल्म ‘हाइवे’ का वो सीन, जिसमें उनका किरदार अपने साथ हुए हमले के बारे में बताता है, मैंने अपनी एक्टिंग क्लासेस में किया था, इसलिए उन जज़्बातों को पहले से महसूस कर चुकी थी। फिर भी असल जिंदगी में ऐसी स्थिति के बारे में सोचना भी डराने वाला है।”
आने वाले एपिसोड्स में दर्शक उन्नति की कमजोर हालत देखेंगे, जहां हमले की यादें उसे बार-बार घबराहट में डाल देती हैं। ऐसे में रीत और राघव किस तरह उसके साथ खड़े रहते हैं और उसे इस सदमे से बाहर आने में सहारा देते हैं, ये ‘जाने अनजाने हम मिले’ का अगला बड़ा मोड़ होगा।
जानने के लिए देखते रहिए ‘जाने अनजाने हम मिले’, रोज रात 10:30 बजे, सिर्फ ज़ी टीवी पर!
