किंशासा (कांगो), 10 फरवरी | न्यूज़ एजेंसी

पूर्वी कांगो के उत्तरी किवु प्रांत में दाएश (आईएसआईएस) समर्थित विद्रोहियों ने एक गांव पर हमला कर कम से कम 20 निर्दोष नागरिकों की हत्या कर दी। यह हमला शनिवार तड़के लुबेरो क्षेत्र के माम्बिम्बी-इसिगो गांव में हुआ, जिससे इलाके में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हो गए।
स्थानीय सैन्य प्रशासक कर्नल एलेन किवेवा मिटेला ने बताया कि इस हमले में एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेज (ADF) और रवांडा समर्थित एम-23 (मार्च 23 मूवमेंट) विद्रोही शामिल हो सकते हैं। हालांकि, अब तक एडीएफ की ओर से इस हमले को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
स्थानीय सिविल सोसाइटी कार्यकर्ताओं के अनुसार, विद्रोहियों ने पहले किसानों के खेतों पर हमला किया और इसके बाद चाकू व अन्य हथियारों से आम नागरिकों को निशाना बनाया। बापेरे क्षेत्र के सिविल सोसाइटी प्रमुख किनोज किटवा ने कहा कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है, क्योंकि कई लोग अब भी लापता हैं। उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा बलों की सीमित मौजूदगी पर भी सवाल उठाए।
गौरतलब है कि पूर्वी कांगो लंबे समय से सशस्त्र विद्रोही समूहों की हिंसा से जूझ रहा है। एडीएफ ने वर्ष 2019 में दाएश के प्रति वफादारी की घोषणा की थी और तब से यह संगठन युगांडा-कांगो सीमा क्षेत्र में लगातार हिंसक गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। इस वर्ष की शुरुआत से अब तक बेनी और लुबेरो इलाकों में एडीएफ हमलों में कम से कम 62 नागरिक मारे जा चुके हैं।
इस बीच, संयुक्त राष्ट्र के शांति स्थापना प्रमुख जीन-पियरे लैक्रोइक्स ने स्थिति की समीक्षा के लिए पूर्वी कांगो और बेनी का दो दिवसीय दौरा शुरू किया है। संयुक्त राष्ट्र ने क्षेत्र में बढ़ती हिंसा पर गंभीर चिंता जताई है।
