
कोरबा, 03 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर पताढ़ी के पास आज मंगलवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई। कोरबा की ओर से आ रहा एक ट्रेलर वाहन विपरीत दिशा से आ रहे प्याज से लदे एक वाहन से आमने-सामने भिड़ गया। इस हादसे में प्याज से लदा वाहन का चालक कैबिन में फंस गया और उसकी मौत हो गई।

राहगीरों ने बताया कि दोनों ही वाहनों की रफ्तार तेज थी और एक वाहन गलत दिशा में चल रहा था, जिसके कारण गंभीर टक्कर हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही टोल नाका से राहत दल मौके पर पहुंचा और गैस कटर की मदद से मृतक चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। दूसरे ट्रेलर चालक को भी गंभीर रूप से घायल पाया गया, जिसे तत्क्षण अस्पताल भेजा गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रित किया।
उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है तथा एक चालक की मौत हो गई है। वाहन मालिक को सूचना दे दी गई है, और उसके आने के बाद मृतक के परिजनों को जानकारी दी जाएगी। आगे की कार्यवाही की जा रही है, और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
