वाशिंगटन। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक एक बार फिर सुर्खियों में है। स्पेसएक्स प्रमुख एलन मस्क ने कहा है कि रूस द्वारा स्टारलिंक के अनधिकृत उपयोग “खासतौर पर ड्रोन हमलों में” को रोकने में कंपनी सफल रही है। इस कदम को यूक्रेन के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है, क्योंकि उसकी सेना संचार और ड्रोन अभियानों में बड़े पैमाने पर स्टारलिंक नेटवर्क पर निर्भर है।
यूक्रेन के अधिकारियों के अनुसार, हाल के दिनों में रूसी लंबी दूरी के ड्रोन हमलों के दौरान कुछ ड्रोनों में स्टारलिंक टर्मिनल पाए गए थे। इसके बाद कीव ने स्पेसएक्स के साथ मिलकर ऐसे उपाय किए, जिनसे रूस को स्टारलिंक के जरिए ड्रोन संचालित करने से रोका जा सके।
एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि रूस द्वारा स्टारलिंक के अवैध उपयोग को रोकने के लिए उठाए गए कदम असरदार साबित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर आगे और उपायों की जरूरत पड़ी, तो स्पेसएक्स सहयोग के लिए तैयार है।
इस बीच यूक्रेन के रक्षा मंत्री मिखाइलो फेडोरोव ने बताया कि सरकार एक नई प्रणाली विकसित कर रही है, जिसके तहत यूक्रेन की सीमा में केवल अधिकृत स्टारलिंक टर्मिनलों को ही काम करने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्टारलिंक के साथ मिलकर रूसी ड्रोनों का मुकाबला करने के लिए शुरुआती कदम तेजी से लागू किए गए हैं और आगे नियंत्रण और सख्त किया जाएगा।
गौरतलब है कि फरवरी 2024 में स्पेसएक्स ने स्पष्ट किया था कि वह रूस को स्टारलिंक की बिक्री या आपूर्ति नहीं करता और न ही रूसी सरकार या सेना के साथ किसी तरह का व्यावसायिक संबंध रखता है। रूस के पूर्ण पैमाने पर आक्रमण की शुरुआत के बाद 2022 में, यूक्रेन की अपील पर एलन मस्क ने देश में स्टारलिंक सेवाएं शुरू की थीं, जो आज भी युद्ध के मैदान में यूक्रेन की संचार व्यवस्था की अहम कड़ी बनी हुई हैं।
