Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

धमतरी में कांग्रेसियों का प्रदर्शन, महात्मा गांधी पुण्यतिथि पर शराब दुकान खोलने का विरोध

धमतरी, 30 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के दिन आज शुक्रवार को धमतरी जिले में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब देशी–विदेशी शराब दुकान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। गांधी जी की पुण्यतिथि जैसे पावन अवसर पर शराब दुकान खोले जाने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह जिले में पहली बार है जब राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि के दिन शराब का विक्रय किया गया, जो पूरी तरह से अनुचित और जनभावनाओं के खिलाफ है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शराब दुकान के परिसर में ही नारेबाजी करते हुए शासन के खिलाफ अपना विरोध जताया। उनका आरोप था कि शुष्क दिवस के दिन शराब बेचना केवल नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि महात्मा गांधी के आदर्शों का भी अपमान है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शासन ने शराब दुकान को शीघ्र बंद नहीं किया, तो आंदोलन को और बढ़ाया जाएगा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस बल के साथ नायब तहसीलदार कुसुम प्रधान भी पहुंचे। अधिकारियों ने समझाइश देकर किसी तरह हालात को नियंत्रित किया और प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। प्रशासन ने कहा कि पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। पूर्व जिला अध्यक्ष कांग्रेस शरद लोहाना ने कहा कि महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के दिन शराब विक्रय होना एक अनोखी और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। वहीं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौतम वाधवानी ने कहा कि आजादी के 77 वर्षों में पहली बार भाजपा सरकार के कार्यकाल में पुण्यतिथि के दिन शराब बेची जा रही है। शुष्क दिवस पर शराब बिक्री सरकार की नीतियों को दर्शाती है, जो निंदनीय है। इस संबंध में नायब तहसीलदार कुसुम प्रधान ने बताया कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा शुष्क दिवस घोषित करने के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया है, जिसे उच्च अधिकारियों को अवगत कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *