
दमोह, 30 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सांस्कृतिक रूप से चरमोत्कर्ष पर है। मुख्यमंत्री के इन प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए बुंदेलखंड के दमोह जिले में नोहटा स्थित नोहलेश्वर मंदिर परिसर में प्रतिवर्ष मनाया जाने वाला नोहलेश्वर महोत्सव इस वर्ष अधिक भव्यता के साथ मनाया जाएगा।
राज्य मंत्री लोधी ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव 11 से 15 फरवरी 2026 तक चलने वाले इस 5 दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस महोत्सव में कला, संस्कृति, साहित्य एवं भक्ति संगीत जगत की ख्यातनाम हस्तियां अपनी प्रस्तुतियां देंगी। प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर भक्ति गीत प्रस्तुत करेंगे, वहीं भगवान भोलेनाथ के शिव तांडव नृत्य, शास्त्रीय नृत्य, जय श्रीराम नृत्य नाटिका आदि मनभावन प्रस्तुतियां होंगी। अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में हरिओम पवार, जानी बैरागी जैसे राष्ट्रीय कवि रचनापाठ करेंगे। समापन समारोह में प्रसिद्ध भजन गायिका आशा वैष्णव अपनी प्रस्तुति देंगी।
राज्य मंत्री लोधी ने बताया कि संस्कृति विभाग द्वारा इस आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रहीं हैं। स्थानीय प्रशासन भी इस आयोजन को भव्यता देने के लिए पूरी तरह जुटा हुआ है ताकि प्रदेश और देश के श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।
लोधी ने जानकारी दी कि नोहलेश्वर महोत्सव की शुरुआत 2 वर्ष पूर्व की गई थी। इस वर्ष यह महोत्सव अपनी भव्यता और विशेषता के साथ प्रारंभ होने जा रहा है। मध्य प्रदेश का बुंदेलखंड अपने गौरवशाली इतिहास और समृद्धशाली परंपराओं के लिए समूचे भारत में अपनी अलग पहचान रखता है। यहां की शौर्य गाथाएं एवं सांस्कृतिक कला कौशल का वर्णन देश के साहित्यकारों, कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से बखूबी किया है।
राज्य मंत्री लोधी ने कहा कि उनका प्रयास है कि नोहलेश्वर महोत्सव के माध्यम से प्रदेश और देश में बुंदेलखंड की विशेष पहचान बने। उन्होंने प्रदेश की जनता से इस आयोजन में शामिल होकर बुंदेलखंड की कला संस्कृति से रूबरू होने का आह्वान किया है। यह आयोजन सिर्फ आस्था का ही नहीं, बल्कि समूचे परिवार के साथ मनोरंजन का केंद्र भी होगा। महोत्सव में हॉट एयर बलून जैसी रोमांचक गतिविधियां भी उपलब्ध होंगी।
