Tuesday, April 28खबर जो असर करे |
Shadow

कांग्रेस विधायक बरैया के विवादित बयान पर भाजपा की कड़ी प्रतिक्रिया, मुख्यमंत्री ने की कार्रवाई की मांग

भोपाल, 17 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले की भांडेर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया का आपत्तिजनक बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने धर्मग्रन्थों और बेटियों के संदर्भ में अस्वीकार्य बातें की हैं। उनके इस बयान के बाद प्रदेश में राजनीतिक तापमान ऊँचा हो गया है, और भाजपा ने इस पर आक्रमक प्रतिक्रिया व्यक्त की है। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं ने बरैया के बयान की निंदा की है और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, “राहुल गांधी को देखने की आवश्यकता है कि ऐसे जहर फैलाने वाले बयानों का क्या प्रभाव होता है। हमें उम्मीद है कि वे अपने विधायक को पार्टी से बाहर करेंगे और उन पर कार्रवाई करेंगे।”

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भी इस बयान की भर्त्सना करते हुए कहा, “किसी महिला की सुंदरता या पहचान को बलात्कार से जोड़ना अमानवीय है और यह एक विकृत मानसिकता को दर्शाता है।”

मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा, “यह बरैया का चरित्र है, उन्हें ऐसी बातें नहीं करनी चाहिए।”

खेल मंत्री विश्वास सारंग ने भी ट्विटर पर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी विचारधारा में बदलाव लाने के बजाय ऐसे व्यक्तियों को संरक्षण दे रही है।

भाजपा ने यह स्पष्ट किया है कि कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया का बयान सिर्फ उनकी व्यक्तिगत सोच नहीं है, बल्कि यह राहुल गांधी के नेतृत्व वाली पूरी कांग्रेस की सोच का परिलक्षण है। विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी बरैया की निंदा की और कहा कि राहुल गांधी को इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *