Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

छत्तीसगढ़ में 10 जनवरी तक 18 जिलों में शीत लहर की चेतावनी

रायपुर, 09 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)।
लेखक: LN Star News
छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने 10 जनवरी तक प्रदेश के 18 जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों के एक-दो पॉकेट क्षेत्रों (पहाड़ी इलाकों) में तीखी ठंड और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम और बेमेतरा जिले के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। आज सुबह रायपुर में तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया, जिससे जनजीवन सुस्त नजर आया। कई इलाकों में देर सुबह तक धुंध छाई रही।

मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर हवा की ऊपरी परतों में एक मौसमीय सिस्टम (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव है। इसी के साथ उत्तर भारत में ऊंचाई पर भी सिस्टम (पश्चिमी जेट स्ट्रीम) बना हुआ है। इसकी रफ्तार करीब 140 नॉट्स (करीब 260 किमी/घंटा) है। इस तरह हिमालय से आ रही तेज हवाएं प्रदेश में ठंड बढ़ा रही हैं।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस अम्बिकापुर में दर्ज किया गया। पेंड्रारोड में न्यूनतम 7.6, दुर्ग में 8.0, जगदलपुर में 8.4 और माना एयरपोर्ट में 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सरगुजा, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में एक-दो पॉकेट में शीतलहर का असर साफ नजर आया। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 28.4°C दुर्ग में दर्ज किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *