Monday, March 9खबर जो असर करे |
Shadow

गरियाबंद में बीमार हाथी ने ग्रामीण को कुचलकर मार डाला, वन विभाग ने बढ़ाई सतर्कता

गरियाबंद, 12 अक्टूबर।
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के उदंती सीता नदी अभयारण्य के तौरेगा रेंज में पिछले 20 से 25 दिनों से घूम रहा बीमार हाथी अब आक्रामक हो गया है। मुंह में संक्रमण और दर्द के कारण वह खाना नहीं खा पा रहा है, जिससे उसका व्यवहार उग्र हो गया है। बीती रात इस हाथी ने एक ग्रामीण को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।

उदंती सीता नदी अभयारण्य के उप निदेशक वरुण जैन ने बताया कि हाथी की स्थिति को लेकर वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही थी और उपचार भी किया गया था, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। वह झुंड से अलग होकर अकेला घूम रहा है और कई बार नेशनल हाईवे के आसपास भी देखा गया है।

शनिवार की रात कोदोमाली गांव के 48 वर्षीय ग्रामीण जंगल सिंह की इस हाथी से आमना-सामना हो गया। हाथी ने हमला कर उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार को सहायता राशि प्रदान की।

वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल की ओर न जाने और हाथी से दूरी बनाए रखने की अपील की है। अधिकारी ने बताया कि हाथी की बीमारी का सही कारण फिजिकल टेस्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इसके लिए वंतरा से भी संपर्क किया गया है। रेंज के अधिकारी और वनकर्मी लगातार 24 घंटे इस हाथी की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *