
कोरबा, 12 अक्टूबर।
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र के लैगा गांव में शनिवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक ट्रक चालक ने पहले अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान संतराम यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रक चालक था। बताया जा रहा है कि संतराम और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और अक्सर दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे। शनिवार रात भी किसी बात पर विवाद हुआ और नशे में गुस्से में आए संतराम ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके कुछ देर बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर फांसी लगा ली।
जब देर रात तक घर से कोई आवाज नहीं आई तो पड़ोसियों ने संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पसान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां पति-पत्नी दोनों के शव पड़े मिले।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत होता है। घटनास्थल से कुछ साक्ष्य जब्त किए गए हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
