Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा में खो-खो अकादमी को दिए सरकारी समर्थन का ऐलान

कुरुक्षेत्र, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य में पारंपरिक खेलों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य स्तरीय आवासीय खो-खो अकादमी और अंडर-16 खो-खो लीग की स्थापना के लिए हर संभव सरकारी सहयोग का आश्वासन दिया है। यह घोषणा उन्होंने कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में आयोजित 35वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय खो-खो चैंपियनशिप (बालक एवं बालिका) 2025-26 के उद्घाटन समारोह में की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद हरियाणा को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेज़बानी का अवसर मिला है, जो राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने खो-खो को भारतीय संस्कृति से जुड़ा खेल बताते हुए इसे केवल खेल नहीं, बल्कि हमारी मिट्टी की पहचान बताया। पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहन देना और उन्हें वैश्विक मंच पर स्थापित करना आज की आवश्यकता है।

उन्होंने ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य भारत को खेलों की वैश्विक शक्ति बनाना है और हरियाणा इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने आयोजन के सफल संचालन के लिए हरियाणा स्पोर्ट्स खो-खो एसोसिएशन को 21 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा भी की।

खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल ने आशा जताई कि आने वाले वर्षों में खो-खो को कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स में शामिल किया जाएगा, जबकि 2032 ओलंपिक में इसे डेमो खेल के रूप में देखा जा सकता है।

इस चैंपियनशिप में देश-भर से 70 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें करीब 1,100 खिलाड़ी शामिल हैं। प्रतियोगिता का समापन 4 फरवरी को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों के साथ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *