मकर संक्रांति व एकादशी पर अयोध्या लेकर काशी व प्रयागराज में करोड़ाें भक्तों ने लगाई डुबकी, कल के लिए विशेष प्रबंध
लखनऊ, 14 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश में मकर संक्रांति से एक दिन पहले एकादशी पर्व पर बुधवार को राम नगरी अयोध्या से लेकर काशी और प्रयागराज समेत तमाम नदियों और धार्मिक स्थलों पर लाखों श्रद्धालुओं ने परंपरागत तरीके से स्नान-ध्यान और दान कर पुण्य कमाया। गुरुवार 15 जनवरी को खिचड़ी पर्व मनाया जाएगा। योगी सरकार ने 15 जनवरी को मकर संक्रांति का अवकाश घोषित किया है। पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दी हैं।
मकर संक्रांति के पुण्यकाल के समय स्नान-दान करना और सूर्य देव की उपासना करना अत्यंत फलदायी माना जाता है। वैसे तो उत्तर प्रदेश में 15 जनवरी को यह पर्व मनाया जाएगा। आज एकादशी पर्व को लेकर रामनगरी अयोध्या में सरयू नदी के विभिन्न घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कड़ाके की ठंड के बावजूद सुबह 4 बजे से ही स्नान शुरू कर दिया। विभिन्न राज्यों से श्रद्...









