Tuesday, March 10खबर जो असर करे |
Shadow

अबू आजमी से मारपीट करने वाले BJP विधायक राम कदम ने 4 साल बाद कटवाए बाल, जानिए वजह


मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई स्थित घाटकोपर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक राम कदम ने गुरुवार को चार साल बाद अपने बाल कटवाए। विधायक ने यह संकल्प लिया था कि जब तक घाटकोपर की जल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक वह बाल नहीं कटवाएंगे। समाचार एजेंसी के अनुसार, जल संकट के समाधान की दिशा में ठोस प्रगति होने के बाद राम कदम ने अपना संकल्प पूरा किया। उन्होंने कहा कि घाटकोपर में अब दो करोड़ लीटर से अधिक पानी की क्षमता वाले जल टैंक बनाए जा रहे हैं और भांडुप से घाटकोपर तक नई पाइपलाइन भी जोड़ी गई है।

राम कदम ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “मुझे बेहद संतोष है कि घाटकोपर में पानी की समस्या का स्थायी समाधान हो रहा है। यहां दो करोड़ सात लाख लीटर क्षमता वाले टैंकों का निर्माण किया जा रहा है।” उन्होंने बताया कि भांडुप से घाटकोपर तक लगभग तीन फीट चौड़ी और चार किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है, जिसका निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है।

विधायक ने यह भी कहा कि यह संशोधित और प्रभावी जल आपूर्ति प्रणाली देश के अन्य हिस्सों में भी अपनाई जा सकती है। उन्होंने याद दिलाया कि पांच साल पहले उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में जल आपूर्ति व्यवस्था का गहन अध्ययन किया था, जिसका लाभ अब घाटकोपर को मिल रहा है।

गौरतलब है कि राम कदम पहली बार 2009 में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के टिकट पर विधायक चुने गए थे। उसी कार्यकाल के दौरान उन्हें तीन अन्य विधायकों के साथ समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आसिम आजमी के साथ कथित मारपीट के मामले में निलंबित किया गया था। आठ महीने बाद उनका निलंबन वापस ले लिया गया। 2014 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने BJP का दामन थाम लिया और फिर से विधायक चुने गए। बाद में उन्हें पार्टी का प्रवक्ता भी बनाया गया।

2024 के विधानसभा चुनाव में राम कदम ने 73,171 वोट हासिल कर शिवसेना (UBT) के उम्मीदवार संजय दत्ताराय भालेराव को पराजित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *