Tuesday, March 10खबर जो असर करे |
Shadow

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के फाइनल में भिड़ेंगी ये दो टीमें


नई दिल्‍ली। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के फाइनल में पहुंचने वाली दो टीमों का ऐलान हो गया है। इस टूर्नामेंट में सेमीफाइनल्स या फिर नॉकआउट मुकाबले नहीं होते हैं। पॉइंट्स टेबल के आधार पर फैसला होता है कि कौन सी दो टीमें फाइनल में भिड़ेंगी। इस बार खिताबी भिड़ंत ईशान किशन की कप्तानी वाली झारखंड और अंकित कुमार की कप्तानी वाली हरियाणा की टीम के बीच होगा। इस टी20 टूर्नामेंट का फाइनल पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में गुरुवार 18 दिसंबर को खेला जाएगा। पहली बार ये टीमें इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची हैं।
सामंत जाखड़ और अंकित कुमार की तूफानी अर्धशतकीय पारियों की बदौलत हरियाणा ने मंगलवार को पुणे में हैदराबाद को 124 रनों से करारी शिकस्त देकर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में जगह पक्की की, जहां उसका सामना झारखंड से होगा। सलामी बल्लेबाज अंकित ने 27 गेंदों में 57 रन की पारी के अलावा अर्श रंगा (30) के साथ7.4 ओवर में 81 रनों की साझेदारी कर पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा को शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने अपनी पारी में छह छक्के और एक चौका जड़ा।

हैदराबाद ने इसके बाद कुछ विकेट चटकाए, लेकिन छठे क्रम पर बल्लेबाजी के लिए आये जाखड़ ने 22 गेंद में आठ छक्के और एक चौके की मदद से 60 रन की आक्रामक पारी के साथ टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने में अहम योगदान दिया। पार्थ वत्स ने आखिरी ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के लगा कर 45 रन बनाए और हरियाणा ने सात विकेट पर 246 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। हैदराबाद की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 16.1 ओवर में 122 रन पर ऑल आउट हो गई।

अमित राणा ने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि जाखड़ (16 रन पर दो विकेट), इशांत भारद्वाज (35 रन पर दो विकेट) और अंशुल कंबोज (16 रन पर दो विकेट) ने दो-दो विकेट लिए। हैदराबाद की ओर से राहुल बुद्धि ने 24 गेंदों में 37 रन के साथ सर्वोच्च स्कोरर रहे। इससे पहले ग्रुप के अन्य मैच में अजिंक्य रहाणे के नाबाद 72 रन और सरफराज खान के 22 गेंद में 73 रन की मदद से मुंबई ने राजस्थान को तीन विकेट से हराया।

रहाणे ने 41 गेंद में सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 72 रन बनाये लेकिन सरफराज ने 22 गेंद में 73 रन की पारी में सात छक्के और छह चौके जड़े। जीत के लिये 217 रन के लक्ष्य के जवाब में मुंबई ने विकेट गंवाने के बावजूद रनगति बनाये रखी और 11 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। रहाणे और सरफराज ने दूसरे विकेट के लिये 39 गेंद में 111 रन जोड़े। सरफराज को मानव सुतार ने आउट किया जिन्होंने चार ओवर में 23 रन देकर तीन विकेट चटकाये।

अंगकृष रघुवंशी (0), साइराज पाटिल (चार), सूर्यांश शेडगे (10) और कप्तान शारदुल ठाकुर (दो) के सस्ते में आउट होने के बाद रहाणे को अथर्व अंकोलेकर से सहयोग मिला। आठवें नंबर पर आये अंकोलेकर ने नौ गेंद में 26 रन बनाये। इससे पहले राजस्थान ने दीपक हुड्डा (31 गेंद में 51 रन) और मुकुल चौधरी (28 गेंद में नााबाद 54 रन) की पारियों के दम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 216 रन बनाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *