Tuesday, March 10खबर जो असर करे |
Shadow

भारत-चीन के बीच 6 साल बाद फिर उड़ान भरेगी एयर इंडिया की फ्लाइट, इस दिन होगी शुरू

नई दिल्ली। भारत और चीन (India and China) के बीच एक बार फिर से सीधी उड़ान (Direct flight) शुरू होने वाली है। एयर इंडिया (Air India) ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि आवश्यक नियमों की पूर्ति और मंजूरी मिलने के बाद 1 फरवरी 2026 से यह उड़ानें शुरू हो जाएंगी। एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैम्पबेल विल्सन (Campbell Wilson) ने इस शुरुआत को केवल एक रूट लॉन्च नहीं बल्कि दो सबसे प्राचीन सभ्यताओं और आधुनिक आर्थिक शक्तियों के बीच का एक पुल करार दिया।


एयर इंडिया की तरफ से जारी बयान के मुताबिक दिल्ली और शंघाई के बीच में एयर इंडिया हफ्ते में 4 फ्लाइट की योजना बना रही है। इन उड़ानों के लिए बोइंग 787-8 का उपयोग किया जाएगा। इसमें बिजनेस क्लास के 19 फ्लैट बेड सीट और इकोनॉमी क्लास की 238 सीटें होंगी। एयर इंडिया के कार्यकारी निदेशक ने कहा, “दिल्ली और शंघाई के बीच फ्लाइट का एक बार फिर से शुरू होना केवल एक रूट का लॉन्च नहीं है। यह दो प्राचीन सभ्यताओं और आर्थिक आधुनिक शक्तियों के बीच का एक पुल है। हमें खुशी है कि हम विश्व के सबसे महत्वपूर्ण एयर कॉरिडोर में से एक को फिर से जोड़ रहे हैं। इससे यात्री, व्यापार, शिक्षा, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में अवसर बढ़ेंगे।”


बता दें 2020 के बाद से भारत और चीन के बीच में सीधी उड़ानों को बंद किया गया था। इसके बाद हाल ही में जब दोनों देशों के बीच रिश्तों पर जमीं बर्फ पिघली तो एक बार फिर से हवाई उड़ान को शुरू करने पर सहमति बनीं। एयर इंडिया ने सबसे पहले साल 2000 में चीन के लिए नॉन स्टॉप उड़ानें शुरू की थी।


दिल्ली से शंघाई के लिए AI352 नंबर की फ्लाइट शुरू होगी , जो कि दोपहर 12 बजे से निकलकर शाम 8.20 पर शंघाई पहुंचेंगी। यह फ्लाइट मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को उड़ान भरेगी। वहीं, दूसरी तरफ AI351 नंबर की फ्लाइट शंघाई से दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी, जो कि रात 22.00 से शुरू होकर अगले दिन 03.15 पर दिल्ली पहुंचेगी। यह उड़ान भी मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *