Friday, September 20"खबर जो असर करे"

Women’s T20 World Cup : इंग्लैंड ने भारत को 11 रन से हराया

केपटाउन (Cape Town)। महिला टी-20 विश्व कप (Women’s T20 World Cup) के 14वें मैच में इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम (England women’s cricket team) ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम (Indian women’s cricket team) को 11 रन से हरा दिया। ये 2023 टी-20 विश्व कप (Women’s T20 World Cup) में भारत की पहली हार है। मैच में इंग्लैंड ने पहले खेलते हुए साइवर ब्रंट की 50 रन की पारी की बदौलत 151/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 140 रन ही बना पाई।

इंग्लैंड को 37 के स्कोर पर तीन झटके लग गए थे। इसके बाद साइवर ब्रंट (50) और एमी जोन्स (40) ने अच्छी पारी खेली। भारत से रेणुका सिंह (5/15) ने शानदार गेंदबाजी की। जवाब में भारत को शुरुआती झटके लगे। शफाली वर्मा (8) और जेमिमा रोड्रिगेज (13) और हरमनप्रीत कौर (4) रन बनाकर आउट हो गईं। स्मृति मंधाना (52) और ऋचा घोष (47*) ने शानदार पारी तो खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाईं।

स्मृति ने मैच में अपना 21वां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 क्रिकेट में सातवां अर्धशतक लगाया है। उनका स्ट्राइक रेट 122.15 का है। वो 2,713 रन बना चुकी हैं। विश्व कप 2023 में स्मृति का यह पहला अर्धशतक है। वह अब तक टी-20 में 368 चौके और 51 छक्के लगा चुकी हैं। उन्होंने 40 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया और 41 गेंद में 52 रन बनाकर आउट हुईं। उन्होंने सात चौके और एक छक्का लगाया।

भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वो महिला और पुरुष क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा है। रोहित 148 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल चुके हैं। हरमनप्रीत इंग्लैंड के खिलाफ 149वें मैच में उतरी हैं। दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड की खिलाड़ी सूजी बेट्स हैं, जिन्होंने 142 मैच खेले हैं।

रेणुका ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 विकेट झटके। उनका यह पहला 5 विकेट हॉल है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ चार ओवर में सिर्फ 15 रन दिए और 5 विकेट अपने नाम किए। वह पहली भारतीय महिला तेज गेंदबाज बनी हैं जिन्होंने टी-20 विश्व कप में 5 विकेट लिए हैं। यह किसी भी भारतीय गेंदबाज का विश्व कप में सबसे शानदार प्रदर्शन है। रेणुका टी-20 क्रिकेट में भारत की ओर से 5 विकेट लेने वाली तीसरी महिला गेंदबाज हैं।

ब्रंट ने मैच में कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंद में अपने करियर का 11वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने अब तक इंग्लैंड के लिए 105 मैच खेले हैं और 2,000 से ज्यादा रन बना चुकी हैं। उनका औसत 25.36 का है। इंग्लैंड की इस खिलाड़ी ने 112.64 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 82 रन है। शुरुआती 3 विकेट जल्दी गिर जाने के बाद उन्होंने ही इंग्लैंड की पारी को संभाला।