Friday, September 20"खबर जो असर करे"

प्रदेश के हर खेत में पहुंचेगा पानी, लहराएंगी फसलें, आएगी समृद्धि : मुख्यमंत्री शिवराज

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं में निरंतर विस्तार किया जा रहा है। आज आगर-मालवा में 1200 करोड़ रूपये से अधिक की लागत की कुंडालिया पाइप सिंचाई प्रणाली के प्रथम चरण के कार्य का लोकार्पण किया गया है। इससे 146 गाँव के खेतों में पाइप लाइन से पानी पहुँचाया जाएगा। हमारा प्रयास है कि प्रदेश के हर खेत में पानी पहुँचे। इससे किसानों की फसलें लहराएंगी और समृद्धि आयेगी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का “पर ड्रॉप मोर क्रॉप” का सपना साकार होगा।

मुख्यमंत्री चौहान बुधवार को आगर-मालवा में विकास पर्व के अंतर्गत लाड़ली बहना सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने आगरमालवा पहुँची संत रविदास यात्रा का स्वागत और संतों का सम्मान किया। मुख्यमंत्री चौहान ने कार्यक्रम में 1306 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया तथा हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माँ-बहन-बेटियों के चेहरों पर मुस्कुराहट लाना हमारा संकल्प है। बहनों के कल्याण और सम्मान के लिये प्रदेश में कई योजनाएँ चलाई जा रही हैं। लाड़ली लक्ष्मी, मुख्यमंत्री कन्या-विवाह/निकाह, संबल जैसी योजनाओं के बाद अब लाड़ली बहना योजना महिलाओं को मजबूती देगी और आत्म-सम्मान भी बढ़ायेगी। स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण जैसे कार्यों से आज बहनें ग्रामों और नगरों में शासन चला रही हैं। लाड़ली बहना योजना की राशि धीरे-धीरे बढ़ाकर 3000 रुपये प्रतिमाह तक की जायेगी। महिला कल्याण योजनाओं के मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन के लिये लाड़ली बहना सेना बनाई गई है। बेटियों के प्रति दुराचार करने वालों को फाँसी के फंदे पर लटकाया जाता है और उनके घर भी तोड़े जाते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेज गति से विकास के साथ ईश-भक्ति में भी हम पीछे नहीं हैं। सड़क, पुल, पुलिया, स्कूल, बाँध, बिजली, पानी जैसे विकास के कार्यों के साथ ही प्रदेश के धार्मिक स्थलों का विकास भी किया जा रहा है। अयोध्या में राम मंदिर, काशी कॉरिडोर, महाकाल महालोक जैसे ही अब आगर-मालवा में बैजनाथ महालोक बनाया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास ने कहा था कि ऐसा राज होना चाहिये, जहाँ सभी समान हों और सभी को भरपेट भोजन मिले। मध्यप्रदेश में उनकी कल्पना के अनुरूप ही सरकार चल रही है। हर व्यक्ति के कल्याण के कार्य किये जा रहे हैं। गरीबों को नि:शुल्क अनाज, पक्के मकान, स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि पुरानी सरकार ने बहुत-सी कल्याणकारी योजनाएँ बंद कर दीं। हमारी सरकार ने शून्य प्रतिशत ब्याज पर किसानों को फसल ऋण, विशेष पोषण-आहार भत्ता, मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप, प्रसूति सहायता, मुख्यमंत्री कन्या-विवाह, तीर्थ-दर्शन योजनाएँ पुन: प्रारंभ की हैं। बुजुर्गों को हवाई जहाज से तीर्थ-यात्राएँ कराई जा रही हैं। किसान जो डिफाल्टर हो गये थे, उनके ब्याज की राशि भरी गई है। छोटे किसानों को प्रतिवर्ष अब 12 हजार रूपये की किसान सम्मान निधि दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है, आगे 50 हजार और सरकारी पदों पर भर्ती होगी। स्व-रोजगार योजनाओं में सरकार अपनी गारंटी पर ऋण एवं ब्याज अनुदान दे रही है। मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना में हुनर सीखने के साथ ही प्रतिमाह आठ से 10 हजार रुपये मानदेय दिया जा रहा है।

भगवान बैजनाथ की पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री चौहान सबसे पहले आगर-मालवा स्थित भगवान श्री बैजनाथ मंदिर पहुँचे और भगवान बैजनाथ की पूजा-अर्चना तथा अभिषेक कर प्रदेश की प्रगति एवं जनता के कल्याण की मंगल कामना की। मुख्यमंत्री ने बैजनाथ मंदिर में 18 करोड़ 90 लाख रुपये के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भूमि-पूजन भी किया। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, विधायक विक्रम सिंह राणा, जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नीबाई चौहान, पूर्व विधायक गोपाल परमार, लालजीराम मालवीय, रेखा रत्नाकर, बद्रीलाल सोनी, चिंतामन राठौर, अन्य जन-प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में लाड़ली बहनों समेत विशाल जन-समुदाय उपस्थित था।