Friday, September 20"खबर जो असर करे"

मध्य प्रदेश में गिरा सीजन का पहला मावठा, भोपाल-जबलपुर समेत कई जिलों में हुई बूंदाबांदी

भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। मंगलवार सुबह सीजन का पहला मावठा गिरा। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में बूंदाबांदी हो रही है। बंगाल की खाड़ी के साइक्लोन मैंडूस के प्रभाव से पूरे प्रदेश का मौसम बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों तक मौसम इसी तरह का बना रहेगा। इस दौरान सात संभागों में बूंदाबांदी से लेकर हल्की बारिश तक होने के आसार है।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक ममता यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि चक्रवाती तूफान का असर बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से से शुरू होकर अन्य प्रदेश तक भी नजर आ रहा है। एक सप्ताह पहले पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई थी। इसके बाद फिर से गिरावट होने लगी। अब तापमान बढऩे लगा है। दो दिनों तक इसी तरह बढ़ोतरी के बाद तापमान कम होने की संभावना है। प्रदेश में 48 घंटे तक इसी तरह मौसम बना रहेगा। इसके बाद मौसम करवट लेगा। दिन और रात के तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। इससे 15 दिसंबर से अच्छी ठंड की शुरुआत हो सकती है। इसके बाद 23-24 दिसंबर से बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफान सक्रिय होने की पूरी संभावना है। जिससे फिर से तापमान में बढ़ोतरी होगी। दिसंबर के अंत तक फिर से तापमान में गिरावट नजर आएगी।

 

इन इलाकों में वर्षा के आसार

 

मौसम विभाग की मानें तो आज सात संभागों बुरहानपुर, हरदा, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर और झाबुआ में बूंदाबांदी से लेकर हल्की बारिश हो सकती है। यहां दो दिन तक हल्की बारिश हो सकती है। इंदौर और भोपाल में भी बारिश के आसार हैं।