Friday, September 20"खबर जो असर करे"

जुलाई महीने में यात्री वाहनों की बिक्री 11 फीसदी बढ़ी, त्योहार से उत्पादन में इजाफा

नई दिल्ली । आर्थिक र्मोचे पर अच्छी खबर है। सेमीकंडक्टर चिप की आपूर्ति में सुधार आने से वाहन निर्माता कंपनियों ने त्योहार से उत्पादन में इजाफा किया है। इसके चलते जुलाई महीने में यात्री वाहनों की थोक बिक्री सालाना आधार पर 11 फीसदी बढ़ गई है।

वाहन विनिर्माताओं के संगठन ‘सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स’ (सियाम) के महानिदेशक राजेश मेनन ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा कि यात्री कारें, दोपहिया वाहन और तिपहिया वाहनों का बाजार अभी भी कोरोना महामारी से पूरी तरह उबरा नहीं है। उन्होंने कहा कि जुलाई 2022 में दोपहिया वाहनों की बिक्री जुलाई 2016 की तुलना में अभी भी कम है।

सियाम के जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक यात्री वाहन श्रेणी की थोक बिक्री जुलाई, 2022 में बढ़कर 2,93,865 इकाइयों पर पहुंच गई। जुलाई, 2021 में डीलरों को 2,64,442 इकाइयों की आपूर्ति हुई थी। यात्री कारों की आपूर्ति इस साल जुलाई में 10 फीसदी बढ़कर 1,43,522 इकाई हो गई, जो एक साल पहले समान अवधि में 1,30,080 इकाई रही थी।

इसी तरह यूटिलिटी वाहनों की थोक बिक्री 11 फीसदी बढ़कर जुलाई 2022 में 1,37,104 इकाई हो गई। पिछले साल की जुलाई 2021 में यह 1,24,057 इकाई थी। वैन की आपूर्ति भी इस साल जुलाई महीने में बढ़कर 13,239 इकाई हो गई, जो जुलाई 2021 में 10,305 इकाई थी। इसके अलावा दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री यानी डीलरों को आपूर्ति जुलाई महीने में 10 फीसदी बढ़कर 13,81,303 इकाई पर पहुंच गई, जो पिछले साल के समान महीने में 12,60,140 इकाई रही थी। तिपहिया वाहनों की कुल थोक बिक्री भी आलोच्य महीने में उछलकर 31,324 इकाई हो गई, जबकि जुलाई, 2021 में यह आंकड़ा 18,132 इकाई का रहा था।