कीव। यूक्रेन स्थित यूरोप के सबसे बड़े जपोरिजिया परमाणु परमाणु संयंत्र (Zaporizhia Nuclear Plant) से रूस लगातार रॉकेट और तोपों से डनीपे नदी के पार के इलाकों को निशाना बना रहा है। यूक्रेन के अधिकारियों ने रविवार को आशंका जताई है कि परमाणु संयंत्र के आसपास लड़ाई जारी रहने से संयंत्र को नुकसान पहुंच सकता है जिससे रेडिएशन का खतरा हो सकता है।
यूक्रेन के साथ युद्ध शुरू होने के शीघ्र बाद रूसी सैन्यबलों ने जपोरिजिया परमाणु संयंत्र और डनीपे नदी के बाएं तट पर आसपास के क्षेत्र पर कब्जा कर लिया था। निकोपोल और मारहनेट शहरों समेत इस नदी के दाहिने तट पर यूक्रेन का नियंत्रण है। ये दोनों शहर संयंत्र से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर हैं।
दनीप्रोपेत्रोवस्क क्षेत्र के गवर्नर वलांतीन रेजनिचेंको ने कहा कि रात में भारी गोलाबारी के बाद निकोपोल के कई हिस्सों में विद्युत आपूर्ति रुक गई।
रॉकेट हमलों से मारहनेट में करीब एक दर्जन मकान क्षतिग्रस्त हो गए। जिले के प्रशासनिक प्रमुख वेवहेन एवतुशेंको ने यह जानकारी दी। इस शहर में करीब 45000 की आबादी है।
जपोरिजिया शहर में भी रात में हमला हुआ और दो लोग घायल हो गए। शहर परिषद के सदस्य एनोतोलिए कुरतेव ने यह जानकारी दी। यह शहर परमाणु संयंत्र से करीब 40 किलोमीटर दूर है।