Friday, September 20"खबर जो असर करे"

रिलायंस देश की सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता कंपनी, दुनिया में 20वें स्थान पर: फोर्ब्स

– दक्षिण कोरिया की दिग्गज कंपनी सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने पहला स्थान हासिल किया
– दुनिया की सबसे बड़ी ऑनलाइन विक्रेता कंपनी अमेजन इस सूची में 14वें स्थान पर

नई दिल्ली। अमेरिकी बिजनेस पत्रिका फोर्ब्स ने बाजार मूल्यांकन, आय और मुनाफे के हिसाब से रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) को भारत का सबसे अच्छा नियोक्ता बताया है। आरआईएल ने फोर्ब्स की सवश्रेष्ठ नियोक्ता रैंकिंग 2022 में देश की सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता और दुनिया में 20वां स्थान हासिल किया है।

फोर्ब्स ने रविवार को 2022 के लिए सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता रैंकिंग की सूची जारी की है, जिसमें राजस्व, लाभ और बाजार मूल्यांकन के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनी आरआईएल को भारत की सबसे बेहतर और दुनिया की 20वीं सबसे अच्छी नियोक्ता बताया गया है। फोर्ब्स की वैश्विक रैंकिंग सूची में दक्षिण कोरिया की दिग्गज कंपनी सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने पहला स्थान हासिल किया है। इसके बाद अमेरिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, अल्फाबेट और ऐपल का स्थान है।

फोर्ब्स की सवश्रेष्ठ नियोक्ता रैंकिंग 2022 सूची में दूसरे से लेकर 12वें स्थान पर अमेरिकी कंपनियों का कब्जा है। इसके बाद जर्मनी की वाहन निर्माता कंपनी बीएमडब्ल्यू ग्रुप 13वें स्थान पर है, जबकि दुनिया की सबसे बड़ी ऑनलाइन विक्रेता अमेजन इस सूची में 14वें स्थान पर और फ्रांस की दिग्गज कंपनी डिकेथलॉन 15वें स्थान पर है। वहीं, रिलायंस इस वैश्विक सूची में 20वें स्थान पर मौजूद है। रिलायंस इस रैंकिंग में सर्वोच्च स्थान हासिल करने वाली भारतीय कंपनी है।

फोर्ब्स की इस सूची में रिलायंस जर्मनी की मर्सिडीज-बेंज, अमेरिकी की कोका-कोला, जापान की वाहन कंपनी होंडा और यामाहा तथा सऊदी अरामको से भी इस सूची में ऊपर है। फोर्ब्स की सवश्रेष्ठ नियोक्ता रैंकिंग 2022 सूची के मुताबिक शीर्ष 100 कंपनियों में रिलायंस के अलावा कोई भी भारतीय कंपनी शामिल नहीं है। इस सूची में एचडीएफसी बैंक 137वें स्थान पर है। इसके अलावा बजाज इस रैंकिंग में 173वें, आदित्य बिड़ला ग्रुप 240वें, लार्सन एंड टुब्रो 354वें, आईसीआईसीआई बैंक 365वें, अडाणी एंटरप्राइजेज 547वें और इंफोसिस 668वें स्थान पर है। (एजेंसी, हि.स.)