Friday, September 20"खबर जो असर करे"

राहुल रॉय ने बताया, कैसे सलमान खान ने की थी एक्टर की मदद

फिल्म आशिकी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने वाले अभिनेता राहुल रॉय को अपने जीवन में कई संघर्षों का सामना करना पड़ा। एक्टर राहुल रॉय ने हाल ही में एक इंटरव्यू दिया। इसमें उन्होंने सलमान खान का शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने खुलासा किया कि जब 2020 में उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ था तो सलमान ने उनके अस्पताल का बिल चुकाया था। सिर्फ राहुल रॉय ही नहीं उनकी बहन भी सलमान खान को ”हीरा” कहती हैं। ब्रेन स्ट्रोक के कारण अभिनेता को डेढ़ महीने तक अस्पताल में रहना पड़ा था। इससे उबरने में उन्हें काफी समय लगा।

अब एक हालिया इंटरव्यू में राहुल रॉय और उनकी बहन प्रियंका रॉय ने सलमान को लेकर बड़ी बात कही है। 2020 में एक्टर राहुल रॉय को फिल्म के सेट पर ब्रेन स्ट्रोक हुआ था। उस वक्त वह कारगिल में ”एलएसी : लिव द बैटल” की शूटिंग कर रहे थे। इसके बाद उन्हें तुरंत वॉकहार्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया। उस वक्त उनके दिल और दिमाग की एंजियोग्राफी की गई थी। इसके बाद उन्हें मुंबई के नानावती अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

राहुल की जिंदगी की इस घटना को याद करते हुए उनकी बहन प्रियंका रॉय ने कहा, ”मैं सलमान खान को धन्यवाद देना चाहती हूं। क्योंकि जो भी बिल बकाया था, वह सलमान ने चुकाया। फिल्म के निर्माताओं ने कुछ पैसे भी दिए, लेकिन उससे भी बिल का भुगतान नहीं हुआ। उस समय सलमान खान ने राहुल रॉय को फोन किया और पूछा कि क्या वह उनकी किसी भी तरह से मदद कर सकते हैं और उन्होंने वास्तव में मदद की। वह बहुत अच्छे इंसान हैं। वह हमारे लिए हीरा है!”

अभिनेता राहुल रॉय कई वर्षों के अंतराल के बाद मनोरंजन जगत में लौटे। हालांकि, फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ। इसके बाद वह पूरे समय बिस्तर पर ही पड़े रहे। फिल्म की शूटिंग पूरी नहीं होने के बावजूद निर्माताओं ने उन्हें पूरा भुगतान करने की पेशकश की। इस बीमारी के कारण अभिनेता पर आर्थिक संकट आ गया।