Friday, September 20"खबर जो असर करे"

किसानों को संकट से पार ले जाने के लिए नहीं छोड़ी जाएगी कोई कमीः मुख्यमंत्री

– बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को 160 करोड़ रुपये की राहत राशि का सिंगल क्लिक से वितरण

भोपाल (Bhopal)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि प्रदेश में इस बार तीन दौर में ओलावृष्टि और असामयिक वर्षा (hail and untimely rain) से फसलें खराब हुई थी। सरकार ने फसलों का सर्वे (crop survey) करवा कर राहत राशि वितरण (Relief Fund Distribution) करने का निर्णय लिया है। संकट की घड़ी में सरकार किसानों के साथ खड़ी है। किसानों को संकट से पार ले जाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश एकमात्र ऐसा राज्य है, जहाँ फसलों का नुकसान होने पर किसानों को सबसे अधिक राहत राशि प्रदान की जाती है।

मुख्यमंत्री चौहान शुक्रवार शाम को अपने निवास कार्यालय समत्व भवन से असामयिक वर्षा एवं ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत राशि का वर्चुअली वितरण कर रहे थे। उन्होंने 159 करोड़ 52 लाख रुपये की राहत राशि का वितरण सिंगल क्लिक से किया। इस मौके पर लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव, प्रमुख सचिव राजस्व मनीष रस्तोगी तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। संबंधित जिलों से जन-प्रतिनिधि, कमिश्नर-कलेक्टर्स एवं किसान वर्चुअली जुड़े।

राहत राशि के साथ फसल बीमा योजना का लाभ भी मिलेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान दिन-रात खून-पसीना एक कर मेहनत करते हैं, तब अन्न के दाने घर आते हैं। संकट की घड़ी में सरकार किसानों की पूरी तरह मदद करेगी। जहाँ भी फसलों का नुकसान हुआ है, वहाँ का सर्वे कर राहत राशि प्रदान की जाएगी। फसल कटाई प्रयोग के आधार पर फसल बीमा योजना का लाभ भी किसानों को दिलाया जाएगा। राजस्व, कृषि और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कर्मचारियों ने सर्वे कार्य किया है। सर्वे कार्य ठीक से कराने का पूरा ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि राहत राशि का पैसा आपके खाते में आ जाएगा, इसके लिए मैं आपको बहुत-बहुत बधाई देता हूँ।

प्रभावित किसानों से कर्ज वसूली स्थगित
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमारा संकल्प किसानों को पूरी तरह मदद उपलब्ध कराने का है। प्रभावित किसानों से कर्ज वसूली स्थगित की गई है। प्रभावित किसानों के घर बेटी की शादी होने पर 55 हजार रुपये की मदद अलग से की जाएगी। किसानों को चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है। भरपूर राहत राशि प्रदान करने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। गेहूँ की समर्थन मूल्य पर खरीदी चल रही है। हमने फैसला किया है कि बारिश के कारण गेहूँ की चमक चली गई है, तो चमकविहीन गेहूँ भी खरीदा जाएगा।

फसलों के सर्वे से किसान पूरी तरह संतुष्ट
मुख्यमंत्री ने विदिशा जिले के किसान रामबाबू, सागर जिले के प्राण सिंह, शिवपुरी की सविता यादव और मंदसौर के दयाल सिंह से संवाद किया। उन्होंने किसानों से पूछा कि आपकी फसलों का सर्वे ठीक ढंग से हुआ था कि नहीं, आप संतुष्ट है या नहीं। सभी किसानों ने कहा कि फसलों का सर्वे बहुत अच्छे से हुआ, कोई परेशानी नहीं हुई, हम पूरी तरह से संतुष्ट हैं। किसानों ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने गरीबों के लिए बहुत अच्छा काम किया है।