Friday, September 20"खबर जो असर करे"

नौतपा के छठवें दिन भी खूब तपा मध्य प्रदेश, 48.2 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा सीधी

भोपाल (Bhopal)। राजस्थान (Rajasthan) की तरफ से लगातार आ रही गर्म हवा (Hot Wind) के असर से मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में इन दिनों भीषण गर्मी (Extreme heat.) पड़ रही है। नौतपा के छठे दिन गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस (Temperature 48.2 degrees Celsius) सीधी (Sidhi) में दर्ज किया गया। इसके साथ ही प्रदेश के नौ शहर आज लू की चपेट में रहे जबकि 19 शहरों में दिन का तापमान 44 से 48.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। हालांकि, हवाओं के साथ नमी आने के कारण प्रदेश के दक्षिणी भाग में गुरुवार से तापमान में गिरावट भी हुई, जिसके चलते दक्षिणी भाग के शहरों में लू से राहत बनी रही।

मप्र में गुरुवार को सीधी सबसे गर्म रहा। यहां तापमान रिकॉर्ड 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खजुराहो में 47 डिग्री और निवाड़ी के पृथ्वीपुर में पारा 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के टॉप-10 सबसे गर्म शहरों में सीधी, खजुराहो और पृथ्वीपुर के बाद छतरपुर के बिजावर, सिंगरौली, शिवपुरी, दतिया, सतना, शहडोल और ग्वालियर भी रहे। बिजावर, छतरपुर में 46.5 डिग्री, सिंगरौली में 46.3 डिग्री, शिवपुरी में 46 डिग्री, दतिया में 45.8 डिग्री, सतना में 45.7 डिग्री, शहडोल में 45.2 डिग्री और ग्वालियर में पारा 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन जिलों में लू का असर भी रहा। वहीं, बड़े शहरों में तापमान में गिरावट हुई है। भोपाल में 42.4 डिग्री, इंदौर में 39.6 डिग्री, ग्वालियर में 45.1 डिग्री, जबलपुर में 43.5 डिग्री और उज्जैन में पारा 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार से अधिकतम तापमान में कुछ और कमी आने की संभावना है। वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि राजस्थान भीषण गर्मी की चपेट में है। वहां से लगातार आ रही गर्म हवा के कारण पूरे मध्य प्रदेश में गर्मी के तेवर तीखे बने हुए हैं। हालांकि, अब हवा का रुख बदलकर दक्षिण-पश्चिमी एवं पश्चिमी होने लगा है। हवाओं के साथ अरब सागर से कुछ नमी भी आने लगी है। इस वजह से तापमान में मामूली गिरावट होने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।