Friday, September 20"खबर जो असर करे"

मुलायम सिंह पंचतत्व में विलीन, पैतृक ग्राम सैफई में हुआ अंतिम संस्कार

– बेटे अखिलेश यादव ने दी चिता को मुखाग्नि
-अंतिम विदाई देने उमड़ा जनसैलाब, राजनाथ, ओम बिरला, स्वामी रामदेव समेत कई हस्तियां पहुंचीं

इटावा। पूर्व रक्षामंत्री एवं उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे समाजवादी पार्टी के संस्थापक (Samajwadi Party founder) मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) मंगलवार को पंचतत्व में विलीन (merged into the five elements) हो गए। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान (Funeral full state honor) के साथ इटावा जिले के उनके पैतृक गांव सैफई (ancestral village Saifai) में ‘सैफई महोत्सव समिति’ के ग्राउंड में किया गया। उनके निधन पर उत्तर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए जनसैलाब को देखते हुए सैफई में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

इसके पहले, सुबह 10 बजे उनकी पार्थिव देह को उनके पैतृक निवास से सैफई नुमाइश पंडाल के मंच पर लोगों के दर्शनार्थ रखा गया। यहां से अपराह्न 03 बजे उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए बगल में स्थित सैफई महोत्सव समिति के ग्राउंड में ले जाया गया। चिता को मुखाग्नि उनके पुत्र एवं सपा मुखिया अखिलेश यादव ने दी। इस मौके पर सपा महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव एवं प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के प्रमुख शिवपाल सिंह यादव सहित परिवार के सभी लोग मौजूद रहे।

मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार पहली पत्नी मालती देवी के मेमोरियल के पास ही किया गया। उम्रजनित बीमारियों से पीड़ित 82 वर्षीय मुलायम सिंह ने सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सुबह 8.16 बजे अंतिम सांस ली थी। पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच नेताजी के नाम से चर्चित रहे मुलायम सिंह विधानसभा के नौ बार, विधानपरिषद के एक बार और लोकसभा के सात बार सदस्य रहे। वह आपातकाल के दौरान जेल में भी रहे।

नेताजी के अंतिम दर्शन के लिए सैफई में ‘आम से लेकर खास’ लोगों का सैलाब सोमवार से ही उमड़ने लगा था। मंगलवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, योगगुरु रामदेव, राकांपा प्रमुख शरद पवार, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे मल्लिकार्जुन खड़गे, भाजपा सांसद मेनका गांधी एवं वरुण गांधी, सहारा प्रमुख सुब्रत राय समेत कई हस्तियों ने सैफई पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि देने वालों में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक, बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी, आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी, सपा की पूर्व सांसद जया बच्चन और अभिनेता अभिषेक बच्चन भी शामिल रहे। नेताजी के अंतिम दर्शन के लिए सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ सुबह ही सैफई पहुंच गए थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार शाम को सैफई पहुंचकर मुलायम सिंह के अंतिम दर्शन किए और श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह और जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह भी सपा नेता के अंतिम दर्शन करने पहुंचे थे। (एजेंसी, हि.स.)