Friday, September 20"खबर जो असर करे"

मप्रः गन्ने से भरे ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर, छह मजदूरों की मौत, आठ घायल

– मुख्यमंत्री ने हादसे पर जताया दुख

बुरहानपुर। मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां गन्ने से भरे ट्रक ने पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल घायलों को खकनार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।

जानकारी के अनुसार, बुरहानपुर जिला मुख्यालय से करीब 62 किलोमीटर दूर देड़तलाई-शेखपुरा के बीच एक पेट्रोल पंप के पास बुधवार को दोपहर करीब 2.00 बजे गन्ने से भरे ट्रक ने मजदूरों से भरी पिकअप को टक्कर मार दी। हादसा इतनी भीषण थी कि पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात वर्षीय बालक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में आठ अन्य मजदूर घायल हुए हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही देड़तलाई चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

देड़तलाई चौकी प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खकनार में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और फिलहाल पुलिस मामले की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि मजदूरों से भरी पिकअप खंडवा से देड़तलाई की ओर जा रही थी। जिसमें कुछ मजदूर परिवार सवार थे, जबकि गन्ने से भरा ट्रक देड़तलाई से खंडवा की ओर जा रहा था। वाहन महाराष्ट्र पासिंग बताया जा रहा है।

चौकी प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया ट्रक और पिकअप के बीच एक मोड़ पर आमने-सामने से टक्कर हुई। पिकअप में सवार मजदूर खंडवा जिले के खालवा तहसील के सुंदरदेव गांव के रहने वाले हैं। मजदूर महाराष्ट्र के आकोट से अपने गांव लौट रहे थे। तभी ये हादसा हो गया। यह गांव वनमंत्री विजय शाह की हरसूद विधानसभा के खालवा क्षेत्र में आता है।

उन्होंने बताया कि हादसे में छह लोगों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान पार्वती (32) पत्नी रामसिंग दिनकर, नंदिनी (12) पुत्री रामसिंग दिनकर, दुर्गा (14) पुत्री कालु तंदिलकर, रमेश मंगल (35), जामवंती बाई (32) पत्नी रमेश मंगल, सात वर्षीय छारा सिंह पुत्र श्रीराम के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें बसंती (45) पत्नी श्रीराम, गणेश (10) पुत्र रामचरण, रविंद्र (10) पुत्र रमेश मंगल, मुन्नी बाई (48) पत्नी रामचरण, रामसिंग (40) पुत्र मोतीलाल, कौशल्या (15) पुत्री जीकेश, जगन (13) पुत्र कमल और चंदाबाई (35) पत्नी नानकराम शामिल हैं।

हादसे के बाद एएसपी अंतरसिंह कनेश ने मौके का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा-यह ब्लैक स्पॉट है। यहां झांड़ियां कटवाकर सांकेतिक बोर्ड लगवाए जाएंगे।

इधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुरहानपुर जिले में हुई सड़क दुर्घटना में छह लोगों के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट के माध्यम से ईश्वर से दिवंगत नागरिकों की आत्मा की शांति और उनके शोक संतप्त परिजन को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना से प्रभावित परिवारों की आर्थिक सहायता के निर्देश बुरहानपुर जिला प्रशासन को दिए हैं। घायलों का उपचार बुरहानपुर में चल रहा है। मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। (एजेंसी, हि.स.)