Friday, September 20"खबर जो असर करे"

पिछले खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तरह इस बार भी टूटेंगे कई रिकार्ड: अनुराग ठाकुर

– मुख्यमंत्री और केन्द्रीय खेल मंत्री ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स का शुभारंभ किया
– उद्घाटन समारोह में गीत-संगीत के साथ लेजर-शो भी हुआ

भोपाल (Bhopal)। केन्द्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर (Union Sports Minister Anurag Thakur) कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने देश में खेलों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का कार्य किया है। खेलो इंडिया यूथ गेम्स (Khelo India Youth Games) जब पिछली बार हरियाणा में हुआ था तो कई रिकार्ड टूटे, जिसमें लड़कियों की भूमिका उल्लेखनीय रही। मध्यप्रदेश में भी ऐसे ही कई रिकार्ड टूटेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं।

केन्द्रीय मंत्री ठाकुर सोमवार को भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के शुभारम्भ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम को मुख्यमंत्री चौहान ने भी संबोधित किया।

इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने का कार्य निरंतर कर रहे हैं। भारत के युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। परम्परागत खेलों को राष्ट्रीय स्तर पर शामिल किया गया है। केन्द्रीय मंत्री ठाकुर ने मध्यप्रदेश में देश के कोने-कोने से आए सभी खिलाड़ियों का अभिनंदन किया।

इस मौके पर प्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स से मध्यप्रदेश में खेलों का नया अध्याय शुरू हो रहा है। उन्होंने मध्यप्रदेश को खेलो इंडिया की मेजबानी देने के लिए केन्द्र सरकार को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि खेलों की वजह से पूरे देश के खिलाड़ियों को आज यहाँ एकत्रित होने का अवसर मिला है। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश में कई खेल सुविधाओं का विस्तार किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिये शुभकामनाएँ दी।

समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगान से हुआ। शिवभक्ति केन्द्रित नृत्य प्रस्तुति हुई। टीटी नगर स्टेडियम के मुख्य ग्राउंड में लगभग 100 मीटर लम्बे स्टेज पर मध्यप्रदेश की संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहर को दर्शाया गया। इसमें नर्मदा घाट, खजुराहो मंदिर, भीमबेटका, श्री महाकाल महालोक, साँची स्तूप, ओरछा के मंदिर, भेड़ाघाट और ग्वालियर फोर्ट की प्रतिकृति बनाई गई। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 के शुभारंभ समारोह में लेजर-शो के साथ आकर्षक आतिशबाजी की गई।

समारोह में सिने जगत के सुप्रसिद्ध प्लेबेक सिंगर शान और नीति मोहन ने गीत-संगीत की प्रस्तुतियों से मौजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का मन मोह लिया। दक्षिण भारत के प्रसिद्ध ड्रमर शिवामणि और ग्रुप द्वारा ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की 100 लोक कलाकारों के साथ प्रस्तुति दी गई। इसके अतिरिक्त अभिलिप्सा पांडा द्वारा ‘हर हर शंभु’ और नटराज डांस ग्रुप की प्रस्तुति, प्रिंस डांस ग्रुप द्वारा जी-20 की “वसुधैव कुटुम्बकम” पर शानदार डांस प्रस्तुति दी। समारोह में प्रख्यात टीवी स्टार जय भानुशाली ने एंकरिंग की।

समारोह में केन्द्रीय खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रामाणिक, अरुणाचल प्रदेश के खेल मंत्री मामा नटुंग, मप्र के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा, सांसद वीडी शर्मा, महापौर मालती राय के साथ मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी साधना सिंह भी मौजूद थीं। (एजेंसी, हि.स.)