Friday, September 20"खबर जो असर करे"

मध्य प्रदेश बना विकास का ग्रोथ इंजन और पॉवर स्टेशनः गडकरी

– केंद्रीय मंत्री परिवहन मंत्री ने खंडवा से किया जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ

खंडवा। केन्द्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्य प्रदेश विकास का ग्रोथ इंजन और पॉवर स्टेशन बन गया है। यह प्रदेश बीमारू राज्य से अब विकसित राज्य हो गया है। विकास के कई क्षेत्रों में मध्य प्रदेश देश में अव्वल है। यहाँ उर्जा के क्षेत्र में भी नई क्रांति हुई है।

केंद्रीय मंत्री गडकरी बुधवार को खंडवा में निमाड़ क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार आने से पहले मध्य प्रदेश के हाल सभी ने देखे हैं। सड़कों पर इतने गड्ढे थे कि चलना मुश्किल था। मुख्यमंत्री चौहान के कार्यकाल में मध्य प्रदेश की तस्वीर बदल गई है। इसका श्रेय प्रदेश की जनता को है, जिसने भाजपा को चुन कर हमें काम करने का मौका दिया। एक बार फिर जन आशीर्वाद यात्रा आपका आशीर्वाद मांगने आ रही है। मध्य प्रदेश को संपन्न, समृद्ध बनाने और हर वर्ग का कल्याण देने के लिए भाजपा को अपना आशीर्वाद दीजिए, ये हमारा वादा है कि आपको नया मध्य प्रदेश देखने को मिलेगा।

मध्य प्रदेश बनेगा नं.1, किसान बनेंगे ऊर्जादाता
गडकरी ने कहा कि गांव, गरीब, मजूदर और किसानों का कल्याण भाजपा का लक्ष्य है। मैं मुख्यमंत्री शिवराज को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उनके नेतृत्व में मध्य प्रदेश लगातार सात बार से कृषि कर्मण अवार्ड जीत रहा है। यहां सिंचित क्षेत्र बढ़ा है और उसके साथ ही उत्पादन भी बढ़ रहा है। हर हाथ को काम और हर खेत को पानी के मंत्र पर चलते हुए मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार आगे बढ़ी और कृषि विकास दर तथा कृषि उत्पादन को बढ़ाया।

उन्होंने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं, लेकिन कृषि उपज का वांछित मूल्य न मिल पाना उनकी राह में सबसे बड़ी बाधा है, क्योंकि इनके दाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तय होते हैं। इसलिए हमने तय किया कि किसानों को ऊर्जादाता बनाना है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यह सपना पूरा हो रहा है। आज 100 प्रतिशत एथेनॉल से चलने वाली कारें आ रही हैं, हवाई जहाज उड़ रहे हैं, स्कूटर भी आने वाले हैं। हमारा देश 16 लाख करोड़ से अधिक का फॉसिल फ्यूल आयात करता है। अगर ये पैसा बचेगा, तो हमारे किसानों को ही मिलेगा।

उन्होंने कहा कि वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में मध्य प्रदेश में अच्छा काम हो रहा है। थर्मल एनर्जी, सोलर एनर्जी और सोलर संयंत्रों में इलेक्ट्रोलाइजर लगाकर हाइड्रोजन उत्पादन का काम हो रहा है। इस क्षेत्र में प्रदेश में जो काम हो रहा है, उसे देखकर कहा जा सकता है कि जल्द ही मध्य प्रदेश हाइड्रोजन उत्पादन में देश का नं.1 राज्य बनेगा और यहां के किसान ऊर्जादाता बनेंगे।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मध्य प्रदेश बन रहा देश का पॉवर स्टेशन
गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री चौहान की सरकार लगातार विकास और गरीब कल्याण के काम कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना में 44 लाख लोगों को आवास दिये गए हैं, जो एक रिकॉर्ड है। उज्ज्वला योजना में गैस सिलेंडर मिल रहे हैं, तो आयुष्मान योजना में मुफ्त इलाज हो रहा है। जिस मध्य प्रदेश में 5-6 मेडिकल कॉलेज हुआ करते थे, वहां अब 30 से अधिक मेडिकल कॉलेज हैं। गांवों में उद्योग लग रहे हैं, जिनसे लोगों को रोजगार मिलेगा। मध्य प्रदेश में इंदौर-हैदराबाद और देहली-मुंबई हाईवे बन रहे हैं, जिनके तैयार हो जाने पर एक घंटे में ओंकारेश्वर और दो घंटे में बुरहानपुर से इंदौर पहुंचा जा सकेगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सड़क, बिजली, पानी, ट्रांसमिशन नेटवर्क का लगातार विकास हो रहा है और मध्य प्रदेश देश के पॉवर स्टेशन के रूप में उभर रहा है। ये सब विकास का सिर्फ ट्रेलर है, पूरी फिल्म अभी बाकी है। मैं आपसे यही आग्रह करने आया हूं कि पूरी फिल्म देखने के लिए भाजपा को अपना आशीर्वाद दीजिए।

कांग्रेस कहती है पर भाजपा करके दिखाती हैः शिवराज
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाने वाले केन्द्रीय मंत्री नितिन गड़करी आज मौजूद हैं। जो असम्भव को संभव कर दें, उनका नाम नितिन गडकरी है। मध्यप्रदेश की सड़कों को लेकर जब-जब उन्हें अवगत कराया, उन्होंने हमारी हर समस्या का निदान कराया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नहीं परिवार चलाती है। प्रधानमंत्री मोदी पूरे देश को परिवार मानकर सरकार चलाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने न सड़क दी, न बिजली और, न पानी दिया। कांग्रेस सिर्फ कहती है, पर हम करके दिखाते हैं। हम पानी और कोयले से बिजली बना रहे हैं और खंडवा मध्य प्रदेश में बिजली का हब है। ओंकारेश्वर में सोलर प्लांट लगाकर हम सूरज से बिजली बना रहे हैं। कांग्रेस के चक्कर में बिलकुल भी नहीं आना है, क्योंकि प्रदेश के विकास के लिए भाजपा की सरकार जरूरी है।

कार्यक्रम के बाद केन्द्रीय मंत्री गडकरी ओंकारेश्वर पहुंचे। उन्होंने यहां सपत्नीक ज्योतिर्लिंग भगवान के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया। क्षेत्रीय विधायक नारायण पटेल ने अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ हेलिपैड पर उनकी अगवानी की।