Friday, September 20"खबर जो असर करे"

लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक विजय पर भाजपा कार्यालय में मना विजय उत्सव

भोपाल (Bhopal)। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) में भाजपा (BJP) ने मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में क्लीन स्वीप (clean sweep) करते हुए सभी 29 सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा को मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) सहित देश भर में मिली विजय पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में विजय उत्सव (Victory celebration.) मनाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद सहित वरिष्ठ नेतृत्व ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और जनता का आभार जताया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार एनडीए की सरकार बनने जा रही है। मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनकर इतिहास रचने जा रहे हैं। यह सफलता वास्तव में प्रदेश की जनता के उस अपार स्नेह और आशीर्वाद का ही प्रकटीकरण है, जो वह भाजपा पर लगातार बरसाती रही है।

जनता ने उदारता से दिया भाजपा को आशीर्वाद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनता ने बड़ी उदारता से भाजपा को इस चुनाव में अपना आशीर्वाद दिया है। इंदौर में हमारे प्रत्याशी शंकर लालवानी 11 लाख, 11 हजार से अधिक वोटों से जीते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने 8 लाख 21 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की है। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा 5 लाख 41 हजार से अधिक वोटों से जीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि 29 सीटों में से 25 सीटों पर हमारे प्रत्याशी एक लाख से अधिक वोटों से जीते हैं। शेष चार में से भी 3 सीटों पर हमारे उम्मीदवार 50 हजार से अधिक वोटों से जीते हैं।

2019 से प्रचंड है इस बार की जीत
उन्होंने कहा कि इस बार की जीत 2019 की तुलना में कई मायनों में अलग है। आजादी के बाद संभवतः पहली बार हमने मुख्य चुनाव में छिंदवाड़ा में जीत दर्ज की है। दिग्विजय सिंह जैसे कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के नेता जो दो बार प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं, इस चुनाव में धराशायी हो गए हैं। पिछले चुनाव में जनता ने भोपाल से उनका हिसाब किया था और इस बार उन्हें उनके घर ले जाकर छोड़ दिया। झाबुआ-रतलाम में हम पिछली बार एक लाख वोटों से जीते थे, इस बार जनता दो लाख से अधिक वोटों से कांतिलाल भूरिया को हराया। इसी तरह मंडला में भी कुलस्ते ने बड़ी जीत हासिल की है। इंदौर, खजुराहो, विदिशा, मंदसौर, देवास, उज्जैन, बैतूल, दमोह, टीकमगढ़, सागर, भिंड, गुना जैसी सीटों पर हमने पिछली बार से बड़ी जीत हासिल की है।

देश में यह पहला अवसर जब तीसरी बार बन रही गैर कांग्रेसी सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश में यह पहला अवसर है, जब कोई गैर कांग्रेसी सरकार तीसरी बार रिपीट हो रही है। इससे पहले पं. जवाहरलाल नेहरू 17 साल तक प्रधानमंत्री रहे। उनके बाद इंदिरा गांधी 15 साल, 364 दिन प्रधानमंत्री रहीं। अब हमारे लोकप्रिय नेता नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा की बात मानकर उस पर भरोसा दिखाया है और हम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाएंगे। हमने जनता की सेवा का जो संकल्प लिया है उसे पूरा करेंगे और दुनिया में भारत का मान बढ़ाने के लिए काम करेंगे।

हमारी लड़ाई कांग्रेस के परिवारवाद से
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अभी मैंने कांग्रेस की प्रेस कांफ्रेंस देखी, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने सिर्फ तीन नाम लिए। राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी। शायद उन्हें कोई चौथा नाम लेने से रोक दिया गया हो। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में हमारी लड़ाई कांग्रेस और उसके सहयोगियों के इसी परिवारवाद के खिलाफ थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग भाजपा पर संविधान बदलने का आरोप लगाते हैं, लेकिन उन्हें यह बताना चाहिए कि डॉ. अंबेडकर का बनाया मूल संविधान जिसके पृष्ठ पर श्री रामदरबार का चित्र था, वो किसने हटाया? लोकसभा चुनाव में ऐसे ही मुद्दों पर बहस चली, जिसमें जनता से भाजपा पर विश्वास जताया और कांग्रेस को धूल चटाई। हमारे कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के अहंकार और बड़बोलेपन का जवाब दिया। इसके लिए मैं भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं और देश-प्रदेश की जनता का आभार जताता हूं, धन्यवाद देता हूं।

मध्य प्रदेश की जनता ने बता दिया एमपी के मन में मोदीः विष्णुदत्त शर्मा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए यह गौरव की बात है कि भाजपा ने प्रदेश की सभी 29 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया है। मध्य प्रदेश के मतदाताओं ने एक बार पुनः एमपी के मन में मोदी के नारे को चरितार्थ किया है। मोदी का तीसरी बार लगातार प्रधानमंत्री चुना जाना एक अभूतपूर्व क्षण है।

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के मार्गदर्शन और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कुशल संगठन और मध्य प्रदेश के कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत से मध्य प्रदेश में भाजपा को सभी 29 सीटों पर ऐतिहासिक विजय मिली है। जीत के लिए प्रदेश के देवतुल्य कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कम समय में प्रदेश की जनता को जो विश्वास जीता है, उसका बहुत बड़ा योगदान है। देश में आज फिर इतिहास बनने जा रहा है। देश और प्रदेश की जनता ने नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए मतदान किया है।

टीम भावना से कार्य करके मध्य प्रदेश ने रचा इतिहास
शर्मा ने कहा कि विधानसभा के चुनाव में प्रदेश की जनता ने बता दिया था कि एमपी के मन में मोदी हैं। लोकसभा के चुनाव में भी छिंदवाड़ा सहित प्रदेश की सभी 29 सीटों में ऐतिहासिक विजय टीम भावना से कार्य करते हुए प्राप्त हुई है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने जो कार्य किया है, उसको प्रदेश के कोने-कोने में पहुंचाकर भाजपा ने यह इतिहास रचा है। इस बार छिंदवाड़ा में भी कमल खिल गया है। मैं प्रदेश की जनता को इस प्रचंड जीत पर शुभकामनाएं देता हूं। देश की जनता ने पहले ही तय कर लिया था कि मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है। देश की जनता ने एनडीए को बहुमत दिया और मोदी जी तीसरी बार सरकार बनाएंगे और गरीब कल्याण और विकास की रफ्तार जिस गति से चल रही है वो निरंतर चलती रहेगी। मध्य प्रदेश के मतदाताओं ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि अगर मोदी के मन में एमपी है, तो एमपी की जनता भी प्रधानमंत्री मोदी से उतना ही प्यार और विश्वास करती है।

एमपी के मन में मोदी का भाव साकार हुआः शिवराज सिंह चौहान
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह विजय उत्सव है। पिछले चुनाव में भाजपा ने मध्य प्रदेश में 28 लोकसभा सीटों पर विजय प्राप्त की थी। छिंदवाड़ा नहीं जीत पाने की कसक थी। इस चुनाव में केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं और प्रदेश संगठन की मेहनत से छिंदवाड़ा लोकसभा में ऐतिहासिक विजय मिली है, अब वह कसक भी समाप्त हो गई। उन्होंने कहा कि एमपी के मन में मोदी का भाव साकार हुआ है। मध्य प्रदेश की जनता ने बता दिया कि नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। केन्द्र में तीसरी बार सरकार बनाना चमत्कार है। प्रधानमंत्री मोदी ने जो संकल्प व्यक्त किया है कि आप सभी अगले 25 वर्ष देश के लिए समर्पित कर दो। यह विराट जीत है, यह महाविजय है। अब भारत को विकसित बनाने के लिए मध्यप्रदेश को विकसित बनाना होगा, इसके लिए हम मेहनत की पराकाष्ठा करेंगे। मध्य प्रदेश को विकसित बनाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाकर धरातल पर कार्य करना है। इस ऐतिहासिक विजय के लिए पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को हृदय से अभिनंदन, आभार। कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री डॉ. यादव और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा ने भी संबोधित किया।

पार्टी की जीत पर प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली ऐतिहासिक विजय पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने वरिष्ठ नेतृत्व के साथ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और भारत माता के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने प्रदेश के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए उनके अथक परिश्रम की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बधाई दी। साथ ही देश और प्रदेश के लाखों लाख कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए जनता का आभार व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर ढोल-ढमाकों के साथ अपनी खुशियां जाहिर की। कार्यकर्ताओं ने मोदी है तो मुमकिन है और भाजपा जिंदाबाद के नारे बुलंद करते हुए एक दूसरे का मुंह मीठा कराते हुए प्रचंड जीत की बधाई दी।

इस दौरान महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद आलोक शर्मा, प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, विष्णु खत्री, पूर्व मंत्री संजय पाठक, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी, नगर निगम के अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी मंचासीन रहे।