Friday, September 20"खबर जो असर करे"

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में नामीबिया से लाई गई मादा चीता ने दिया चार शावकों को जन्म

– केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने चीता प्रोजेक्ट टीम को दी बधाई

श्योपुर/भोपाल। मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान से बुधवार को एक खुशखबरी सामने आई है। यहां नामीबिया से लाई गई मादा चीता सियाया ने चार शावकों को जन्म दिया है। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने चीतों का फोटो और वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है। उन्होंने इसके लिए प्रोजेक्ट चीता की पूरी टीम को भी बधाई दी है।

भूपेंद्र यादव ने शावकों की फोटो और वीडियो ट्विटर पर साझा करते हुए लिखा है कि बधाई हो अमृत काल के दौरान हमारे वन्य जीव संरक्षण के इतिहास में एक महत्वपूर्ण घटना घटी है। यह बताते हुए हर्ष हो रहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में 17 सितंबर को भारत लाए गए चीतों में से एक ने चार शावकों को जन्म दिया है।

कूनो उद्यान के डीएफओ पीके वर्मा ने बताया कि कूनो के बाड़ा नंबर चार और पांच जुड़े हुए हैं। पांच नंबर बाड़े में तीन साल की सियाया थी। इस बाड़े में सियाया के साथ एक अन्य मादा चीता को रखा गया था, जबकि चार नंबर बाड़े में नर चीता फ्रेडी और आल्टन को रखा गया था। इन दोनों नर चीतों को बाडे़ में छोड़ा गया था। संभावना है कि एल्डन या फ्रेडी से मेटिंग के बाद सियाया मां बनी है। सियाया ने दो से तीन दिन पहले चार शावकों को जन्म दिया है। हालाकि कूनो प्रबंधन को बुधवार सुबह ही पता लगा है। माना जा रहा है इन शावकों का जन्म 24 मार्च को जन्म हुआ है। माना जा रहा है कि सियाया के प्रेग्नेंट होने की जानकारी 20 दिन पहले ही कूनो उद्यान प्रबंधन को मिली थी। तभी से उसे विशेष निगरानी में रखा गया था।

उल्लेखनीय है कि पिछले साल 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने जन्मदिन पर नामीबिया से लाए गए आठ चीतों को कूनो उद्यान में छोड़ा था, जिन्हें 50 दिन छोटे बाड़ों में क्वारेंटाइन रखने के बाद बड़े बाड़े में शिफ्ट कर दिया गया। इसके बाद विगत फरवरी में ही दक्षिण अफ्रीका से 12 चीतों की दूसरी खेप कूनो लाई गई। इन्हें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने यहां क्वारेंटाइन बाड़ों में रिलीज किया था। इसके बाद यहां चीतों की कुल संख्या 20 हो गई थी, लेकिन दो दिन पहले मादा चीता साशा की मौत के बाद यह संख्या घटकर 19 रह गई थी। चार शावकों के जन्म के बाद यहां चीतों की संख्या 23 हो गई है।

चीता शावकों के जन्म के समाचार पर प्रधानमंत्री ने हर्ष व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नामीबिया से भारत लायी गई मादा चीता द्वारा चार शावकों को जन्म देने के समाचार पर हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव के ट्वीट को रिट्वीट कर कहा कि यह ‘अद्भूत समाचार’ है।

उल्लेखनीय है कि भारत में प्रोजेक्ट चीता के तहत विदेश से लाई गई एक मादा चीता ने 4 शावकों को जन्म दिया है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। साथ ही उन्होंने इसके लिए प्रोजेक्ट चीता की पूरी टीम को भी बधाई दी है।

यह समाचार इसलिए भी इतनी महत्वपूर्ण है क्योंकि 70 साल बाद देश में चीते लाए गए और चार शावकों का जन्म भी हुआ है। नन्हें चीतों के आगमन के लिए कुनो नेशनल पार्क ने भी खास तैयारियां की हैं।

केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने एक बयान में कहा कि देश में वन्य जीव संरक्षण एवं संवर्धन में चीते के चार शावकों के जन्म की घटना काफी महत्वपूर्ण है। इन शावकों का जन्म भारत के वन्य जीव संरक्षण के दृष्टिकोण से ऐतिहासिक है। यह भारत के लिए वन्य जीव संरक्षण के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

केन्द्रीय राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि यह दशकों पहले जैव विविधता की जो सदियों पुरानी कड़ी टूट कर विलुप्त हो गई थी, उसे स्थापित करने में मददगार सबित होगी।

उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर नामीबिया से 8 चीतों को श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं उन्हें बाड़े में छोड़ा था। (एजेंसी, हि.स.)