Friday, September 20"खबर जो असर करे"

खेलो इंडिया यूथ गेम्सः हॉकी में मप्र के लड़कों ने जीता स्वर्ण, ओडिशा को 3-2 से हराया

– मप्र की लड़कियों ने जीता रजत, झारखंड ने पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से दी शिकस्त

भोपाल (Bhopal)। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के पुरुष और महिला की हॉकी टीम (men’s and women’s hockey team) ने दिखाया कि उन्होंने खेलो इंडिया यूथ गेम्स ( Khelo India Youth Games) के लिए कैसे प्रशिक्षण और तैयारी की थी। दोनों ही टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में ज़बरदस्त खेल का प्रदर्शन किया। हॉकी प्रतियोगिताओं का फाइनल शुक्रवार को एमपी हॉकी अकादमी ग्वालियर में खेला गया। लड़कों की टीम ने हॉकी का पावरहाउस कहे जाने वाले ओडिशा को 3-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।

वहीं, दूसरी ओर लड़कियों की टीम ने निर्धारित समय में झारखंड को कड़ी टक्कर देते हुए 1-1 से बराबरी की। हालांकि, पेनल्टी शूट आउट में मेजबान टीम 4-3 से पिछड़ गई और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इसी तरह लड़कों के वर्ग में पंजाब ने झारखंड को 2-0 से हराकर कांस्य पदक जीता, जबकि हरियाणा की लड़कियों ने ओडिशा को 1-0 से हराकर कांस्य पदक जीता।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 में हॉकी प्रतियोगिता के शुक्रवार को दिन के शुरुआती मुकाबले में मध्यप्रदेश की लडकियाँ झारखण्ड के विरुद्ध स्वर्ण पदक के मैच के लिए प्रतिस्पर्धा करती दिखाई दी। दोनों टीमों ने रक्षात्मक अंदाज में शुरूआत की और एक-दूसरे को गोल करने के ज्यादा मौके नहीं दिए। 26वें मिनट में निशा मिंज ने झारखंड को पेनल्टी कार्नर के द्वारा बढ़त दिलाते हुए पहला गोल दागा। मध्यप्रदेश ने इसके बाद काउंटर पर बराबरी करने की कोशिश की, लेकिन झारखंड की रक्षात्मक दीवार को तोड़ने में नाकाम रही। 47वें मिनट में सोनिया कुमरे के जरिए मेजबान टीम ने बराबरी कर ली। अंतिम 13 मिनट में दोनों टीमों ने बढ़त लेने का प्रयास किया लेकिन ऐसा करने में असफल रहे और खेल निर्धारित समय में 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। निर्धारित समय पर दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहने से खेल निर्णायक पेनल्टी शूट-आउट पर चला गया। जहाँ झारखंड ने मेजबान टीम को 4-3 से हरा कर स्वर्ण पदक पर अपना कब्ज़ा जमा लिया।

मेजबान टीम के लिए दिन के दूसरे गेम में स्वर्ण पदक मुकाबले में मध्यप्रदेश के लड़के ओडिशा के लड़कों से भिड़े। इस खेल में भी ओडिशा ने 14वें मिनट में इरेंगबम रोहित सिंह के जरिए पहला गोल दागा। एक मिनट बाद ही जमीर मोहम्मद ने पेनल्टी कार्नर द्वारा मेजबान टीम को बराबरी दिला दी। इसके बाद के खेल में दोनों टीमों ने आधे घंटे के तक रक्षात्मक खेल खेला। ओडिशा ने 32वें मिनट में आकाश सोरेंग के माध्यम से बढ़त लेकर वापसी की। मेजबान टीम ने 43वें मिनट में सुंदरम सिंह राजावत के जरिए ओडिशा की बढ़त को नाकाम कर दिया। सात मिनट बाद मध्यप्रदेश ने अपने कप्तान अंकित पाल के माध्यम से पहली बार खेल में बढ़त बनाई और यह सुनिश्चित किया कि विरोधियों को बराबरी का एक और मौका न मिले। इस तरह अपना पहला खेलो इंडिया यूथ गेम्स हॉकी गोल्ड मेडल जीता।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 में मध्यप्रदेश भी ग्वालियर के लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन में खेले जा रहे कलारिप्पयट्टू के अंतिम दिन का गवाह बनेगा। मध्यप्रदेश ने पारंपरिक रूप से केरल में खेले जाने वाले स्वदेशी खेल में भी स्वर्ण पदक जीता। हाई-किक वर्ग में गौरव दांगी ने स्वर्ण पदक जीता। (एजेंसी, हि.स.)