Friday, September 20"खबर जो असर करे"

खेलो इंडिया यूथ गेम्सः मप्र अकादमी के आदित्य ने हाई जंप में जीता स्वर्ण

– बुशरा ने 1500 मीटर में जीता रजत पदक

भोपाल (Bhopal)। खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 (Khelo India Youth Games-2022) में शुक्रवार से टीटी नगर स्टेडियम में एथलेटिक्स के शानदार मुकाबलों (spectacular athletics events) की शुरुआत हुई। मध्यप्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों ने स्वर्णिम शुरूआत करते हुए, आदित्य रघुवंशी (Aditya Raghuvanshi) ने हाई जंप इवेंट में 2.01 मीटर का जंप लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। तमिलनाडु ने दूसरा स्थान और महाराष्ट्र ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अकादमी की ही बुशरा खान ने 4 मिनट 44 सेकेंड में 1500 मीटर रेस में रजत पदक हासिल किया।

खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने अकादमी के विजेता खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों से मुलाकात कर बधाई और शुभकामनाएँ दी। उन्होंने बुशरा खान की माता शहनाज से कहा कि आपकी बेटी बहुत मेहनती है, आपकी 3 बेटियाँ हैं और सभी आपका नाम रौशन करेंगी। आज बुशरा ने रजत पदक जीता है, इसकी क्षमता स्वर्ण पदक जीतने की है। उन्होंने बुशरा से कहा कि अपने गेम को इम्प्रूव करना है तो ओवर कॉन्फिडेंट न बनें। अपना कैरियर बनाना हो तो लक्ष्य पर मेहनत करनी होगी। इससे आपका और आपकी बहनों का कैरियर भी बनेगा। खेल मंत्री ने कहा कि तुम्हें अपने परिवार की चिंता करने की जरूरत नहीं, अब ये हमारी जिम्मेदारी है।

खेल मंत्री सिंधिया ने आदित्य के माता-पिता को बधाई देते हुए कहा कि आदित्य ने आज अकादमी और मध्यप्रदेश का नाम रौशन किया है। उन्होंने कहा कि अब खेलों में नई तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिन्हें अपनाना अत्यंत आवश्यक है। आदित्य को अब इंटरनेशनल लेवल पर फोकस करना है। यूथ गेम्स एक शानदार प्लेटफॉर्म है, जहाँ खिलाड़ी अपना बेस्ट दे सकते हैं।

खेल मंत्री ने कहा कि आज मध्यप्रदेश में जो कुछ भी खेलों में अच्छे प्रदर्शन हो रहे हैं वो न सिर्फ खिलाड़ी और प्रशिक्षकों की कड़ी मेहनत बल्कि मध्यप्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की दूरदर्शिता का नतीजा भी है। इससे मध्यप्रदेश आज स्पोटर्स हब के रूप में उभर कर आ रहा है।

खेलो इंडिया यूथ गेम्सः मध्यप्रदेश के छह बाक्सर फाइनल में
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्यप्रदेश बाक्सिंग टीम के योगेश्वर दत्त, आयुष यादव एवं रूद्रजीत तथा महिला वर्ग में मालिका मोर, कैफी एवं विनती शानदार जीत के साथ फाइनल में पहुंच गई हैं। वहीं, सेमीफाइनल में मप्र के 7 खिलाड़ी हार गए है, साथ ही उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ेगा।

भोपाल के तात्या टोपे स्टेडियम के मार्शल आर्ट हाल में शुक्रवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पुरुष वर्ग में योगेश्वर दत्त ने अरुणाचल प्रदेश के पाकबा ताव को हरा कर फाइनल में जगह बनाई। आयुष यादव ने पंजाब के तेजस्वी वशिष्ठ को पराजित कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। इसके अलावा मप्र के रूद्रजीत सिंह ने मणीपुर के एलएल मन को शिकस्त देकर फाइनल में स्थान सुरक्षित किया। मप्र के अनुराग सिंह, प्रशांत खटाना, अभिषेक तोमर एवं रिषभ सिंह सिकरवार को सेमीफाइनल में हार मिली, उन्हें अब कांस्य पदक से संतोष करना होगा।

वहीं, शुक्रवार के खेले गए मुकाबलों में महिला वर्ग के 45- 48 किग्रा वर्ग में मप्र की मालिका मूर ने उत्तराखंड की आँचल शुक्ला को हरा कर फाइनल में प्रवेश किया। 50- 52 किग्रा में मप्र की कैफी ने राजस्थान की सुनीता को शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

70-75 किग्रा महिला वर्ग के सेमीफाइनल में मप्र की विनती ने तेलंगाना की पी. गुणा निधि को आसानी से पटखनी देकर फाइनल में प्रवेश किया। मप्र की खुशी सिंह, भूमि सिंह एवं राधिका जाटव को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पडा।

दिल्ली में हुई साइक्लिंग की स्प्रिंट व इंडिविजुअल पर्सुट स्पर्धाएं
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 की ट्रेक साइक्लिंग स्पर्धाओं के दूसरे दिन शुक्रवार को स्प्रिंट और इंडिविजुअल पर्सुट की स्पर्धाएँ दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम के साइक्लिंग वेलोड्रोम में हुईं। राजस्थान के लव कुमार यादव इन गेम्स में साइक्लिंग के अब तक के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बन कर उभरे और उन्होंने प्रतियोगिता के प्रारंभिक दो दिन में तीन स्वर्ण पदक अर्जित किए। शुक्रवार को हुए मुकाबलों में मध्यप्रदेश के तन्मय साहू ने 200 मीटर पुरूष स्प्रिंट में और शैलकुमारी ने 2 किलोमीटर महिला इंडिविजुअल पर्सुट में चुनौती प्रस्तुत की।

स्पर्धाओं के परिणाम
पुरूष वर्ग में 200 मीटर स्प्रिंट में लव कुमार यादव ने स्वर्ण पदक जीता। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 का ये उनका तीसरा स्वर्ण पदक था। वे गुरुवार को टीम स्प्रिंट और 1000 मीटर रेस में भी स्वर्ण जीत चुके हैं।

200 मीटर स्प्रिंट में कर्नाटक के संपथ पासमेल को रजत और झारखंड के अमीर रियाज को कांस्य पदक प्राप्त हुए। पुरूष वर्ग में 3 किलोमीटर इंडिविजुअल पर्सुट रेस में नीरज कुमार ने हरियाणा को स्वर्ण पदक, विवान सपरू ने महाराष्ट्र को रजत और खेता राम चीगा ने राजस्थान को कांस्य पदक दिलाया। महिला वर्ग में 2 किलोमीटर इंडिविजुअल पर्सुट में हरियाणा की हिमांशी सिंह ने स्वर्ण पदक, महाराष्ट्र की पूजा दानोले ने रजत और राजस्थान की रवीना बिश्नोई ने कांस्य पदक जीते।

विशिष्ट अतिथियों ने किया पुरस्कार वितरण
पुरस्कार समारोह में विशेष अतिथि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के महानिरीक्षक, उत्तरी क्षेत्र राजेश यादव और महानिरीक्षक, कार्मिक अंशुमान यादव ने विजेताओं को पदक प्रदान किए। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, सुरक्षा एवं समन्वय, म.प्र. भवन साईं मनोहर सहित भारतीय खेल प्राधिकरण, साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया और मध्यप्रदेश साइक्लिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित थे। विजेताओं को जनजातीय पेंटिंग सोवीनियर, मध्यप्रदेश पर्यटन के पब्लिसिटी बैग और गिफ्ट वाउचर भी प्रदान किए।

चार फरवरी को होने वाली स्पर्धाएँ
साइक्लिंग वेलोड्रोम में 4 फरवरी को पुरूष और महिला वर्गों में कीरिन रेस की स्पर्धाएँ होंगी। ट्रेक साइक्लिंग में कीरिन स्पर्धा सबसे रोचक होती है, जिसमें प्रतिभागी एक मोटर चालित पेसर के पीछे रेस करते हैं। कीरिन के फाइनल मुकाबले के साथ ही कल दिल्ली में खेलो इंडिया यूथ गेम्स की ट्रेक साइक्लिंग स्पर्धाओं का समापन हो जाएगा। गेम्स की रोड साइक्लिंग स्पर्धाएँ जबलपुर में 8 और 9 फरवरी को होंगी। (एजेंसी, हि.स.)