Friday, September 20"खबर जो असर करे"

जेपी नड्डा 26 को आएंगे भोपाल, भाजपा के नए कार्यालय का करेंगे भूमिपूजन

– बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में भी होंगे शामिल

भोपाल (Bhopal)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) (Bharatiya Janata Party – BJP)) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा (National President Jagat Prakash Nadda) आगामी 26 मार्च को भोपाल आ रहे हैं। वे यहां पं. दीनदयाल परिसर में प्रस्तावित भारतीय जनता पार्टी के नवीन कार्यालय भवन का भूमिपूजन (Ground breaking ceremony of new office building) करेंगे।

यह जानकारी सोमवार शाम को पार्टी कार्यालय में हुई बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि भूमिपूजन के पश्चात जेपी नड्डा यहां लाल परेड मैदान स्थित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करेंगे। बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों के अलावा शक्ति केन्द्र के संयोजक, सह संयोजक, प्रभारी और जिला पदाधिकारी तथा मंडल पदाधिकारी शामिल रहेंगे। भाजपा अध्यक्ष नड्डा शाम को प्रबुद्ध सम्मेलन में भाग लेने के बाद दिल्ली रवाना होंगे।

इस संबंध में प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक तैयारी बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रवास की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत ने किया। मंच पर भोपाल संभाग प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह भी उपस्थित थे।

नवीन कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण

इससे पहले विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने नवीन कार्यालय के भूमिपूजन स्थल पं. दीनदयाल परिसर पर तैयारियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा नवदुर्गा के पावन पर्व पर 26 मार्च को नवीन कार्यालय का भूमिपूजन करेंगे। पार्टी के सभी कार्यकर्ता नड्डा जी के कार्यक्रम की भव्य तैयारियों में जुटे हैं। भूमिपूजन कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि सहित कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

निरीक्षण के दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा, कुशाभाऊ ठाकरे न्यास के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेंद्र शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर, कौशल विकास निगम अध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा, जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी एवं प्रदेश सह मीडिया प्रभारी जुगलकिशोर शर्मा सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे। (एजेंसी, हि.स.)