Friday, September 20"खबर जो असर करे"

IPL 2023: पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 13 रन से हराया

मुंबई (Mumbai)। इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League- IPL) 2023 के 31वें मैच में पंजाब किंग्स (Punjab Kings- PBKS) ने मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians- MI) को 13 रन से हराकर अपनी चौथी जीत दर्ज की है। वानखेड़े स्टेडियम में PBKS ने पहले खेलते हुए सैम कर्रन के अर्धशतक (55) की मदद से 214/8 का स्कोर बनाया। जवाब में MI की टीम सूर्यकुमार यादव (57) और कैमरून ग्रीन (67) की पारियों के बावजूद 201/6 का स्कोर ही बना सकी।

पॉवरप्ले के बाद 58/1 का स्कोर बनाने वाली PBKS ने 83 रन तक अपने 4 विकेट गंवा दिए। मुश्किल घड़ी में कप्तान कर्रन और हरप्रीत भाटिया (41) ने मिलकर 50 गेंदों में 92 रन की साझेदारी की। अंत में जितेश शर्मा ने 7 गेंदों में 25 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में ग्रीन और सूर्यकुमार ने अर्धशतक लगाए, लेकिन यह जीत के लिए नाकाफी रहे। PBKS से अर्शदीप सिंह ने 4 विकेट लिए।

जब PBKS ने अपना चौथा विकेट गंवाया था, तब कर्रन बल्लेबाजी के लिए आए। उन्होंने शुरुआत से ही अच्छी रन गति से बल्लेबाजी की और 26 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा कर दिया। यह उनके IPL करियर का तीसरा और मौजूदा सीजन का पहला अर्धशतक है। उन्होंने 29 गेंदों में 55 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 4 छक्के शामिल थे। वह जोफ्रा आर्चर की गेंद पर आउट हुए। उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

रोहित ने आज 27 गेंद में 44 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 2 चौके और 3 छक्के भी लगाए। इस बीच उन्होंने अपने IPL करियर में 250 छक्के पूरे कर लिए हैं। वह लीग में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। रोहित 250 या अधिक छक्के लगाने वाले विश्व के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बने हैं। उनसे ज्यादा छक्के क्रिस गेल (357) और एबी डिविलयर्स (251) ने लगाए हैं।

विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए जब 84 के स्कोर पर MI ने अपना दूसरा विकेट खोया, तब सूर्यकुमार बल्लेबाजी के लिए आए। वह आज अच्छी लय में नजर आए और उन्होंने आवश्यक रन गति को ध्यान में रखते हुए तेज बल्लेबाजी की। उन्होंने महज 23 गेंदों में अपने IPL करियर का 17वां अर्धशतक पूरा किया। वह 26 गेंदों में 57 रन बनाकर आउट हुए। इस बीच उन्होंने अपने टी-20 करियर में 6,000 रन भी पूरे किए हैं।

इस मैच में ग्रीन ने IPL करियर का लगातार दूसरा अर्धशतक जड़ा। 215 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए MI को 8 रन के कुल स्कोर पर ईशान किशन के रूप में पहला झटका लग गया। इसके बाद ग्रीन ने रोहित (44) के साथ 76 और सूर्यकुमार यादव के साथ 75 रन की साझेदारी कर टीम की वापसी कराई। ग्रीन 43 गेंद में 67 रन बनाकर आउट हुए। इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के भी जड़े।

मुकाबले में PBKS की जीत में अर्शदीप की अहम भूमिका रही। उन्होंने अपने 4 ओवरों में 29 रन देते हुए 4 विकेट हासिल किए। इस बीच उन्होंने PBKS की ओर से अपने 50 विकेट भी पूरे कर लिये हैं। IPL 2023 में उन्होंने अब तक 15.69 की औसत के साथ 13 विकेट ले लिए हैं और वह फिलहाल मौजूदा सीजन में सर्वाधिक विकेट वाले गेंदबाज बन गए हैं।