Friday, September 20"खबर जो असर करे"

इंदौरः ब्रिज से उतर रही क्रेन ने दो बाइकों को रौंदा, चार लोगों की मौत, एक घायल

इंदौर। शहर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां ब्रिज पर उतरते समय एक क्रेन ने सामने जा रही दो बाइकों को कुचल दिया। इस हादसे में बाइक सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला, छह साल का बच्चा और दो पुरुष शामिल हैं। एक अन्य 40 साल की महिला घायल हुई है। उसका पैर टूटा है। उसे गंभीर हालत में अरविंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।

बाणगंगा थाना प्रभारी राजेन्द्र सोनी ने बताया कि घटना मंगलवार शाम करीब 6 बजे की है। क्रेन बाणगंगा ब्रिज से सांवेर रोड की तरफ उतर रही थी और इसके आगे बाइकें चल रही थीं। क्रेन बाइक सवारों पर कैसे चढ़ी, इस बारे में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। हमारे पास सूचना आई थी कि क्रेन ने चार लोगों को कुचल दिया है और वो क्रेन के नीचे दबे हुए हैं। चार शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए और एक घायल महिला को अरविंदो अस्पताल पहुंचाया है। हादसे के चलते बाणगंगा ब्रिज के दोनों ओर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।

उन्होंने बताया कि मृतकों में दो लोगों की पहचान रितेश (16) पुत्र दिनेश निवासी कावेरी नगर और छह वर्षीय बालक शरद पुत्र दिनेश के रूप में हुई है। रितेश और शरद दोनों सगे भाई हैं। इनके अलावा एक रिश्तेदार राज की मौत हुई है। यह सभी एक ही बाइक पर सवार होकर एक शादी कार्यक्रम से आ रहे थे। राज के हाथों में मेहंदी लगी हुई थी और उसका नाम उसमें लिखा था। उसी से उसकी शिनाख्त हुई। ये सभी कालीदेवी-झाबुआ और डबल चौकी के रहने वाले थे। वहीं, 40 वर्षीय शारदा पत्नी दिनेश निवासी कावेरी नगर गंभीर रूप से घायल हुई है।

इनके अलावा सुनील परमार नामक शख्स की मौत हुई है। वह एक फैक्टरी में काम करता था। ड्यूटी खत्म कर लौट रहा था। तब हादसे का शिकार हो गया।

अपर कलेक्टर अजय देव शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह जानकारी सामने आई है कि क्रेन का ब्रेक फेल हो गया था। उसके ड्राइवर को हिरासत में लिया गया है। क्रेन बस के पीछे चल रही थी और बेकाबू होकर दो बाइक पर चढ़ते हुए निकल गई।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के माध्यम से इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में नागरिकों के असामयिक निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक-संतप्त परिजन को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री चौहान ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।