Saturday, September 21"खबर जो असर करे"

इटारसी में करणी सेना के नगर मंत्री की बीच बाजार चाकुओं से गोदकर हत्या, दोस्त घायल

नर्मदापुरम। जिले के इटारसी नगर में शुक्रवार की रात करणी सेना के नगर मंत्री रोहित सिंह राजपूत (28) की तीन बदमाशों से चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। वहीं, बीच बचाव करने आए रोहित के दोस्त सचिन पटेल को भी बदमाशों ने चाकू मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शनिवार को सुबह इस घटना का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद करणी सेना का कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और शव को सड़क पर रखकर थाने का घेराव कर दिया। पुलिस ने आक्रोशित कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।

 

पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब नौ बजे के आसपास की है। शहर के पास इलाके सूरज गंज रोड पर नगर पालिका कार्यालय के सामने बदमाशों ने दो युवकों के साथ मारपीट करते हुए जमकर चाकू चलाए। इसमें रोहित राजपूत की मृत्यु हो गई। रोहित करणी सेना का नगर मंत्री था। जैसे ही उसकी हत्या की खबर फैली, करणी सेना के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए आरोपितों के मकानों पर बुलडोजर चलाने एवं आरोपितों का नगर में सरेआम जुलूस निकालने की मांग की।

 

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें तीन बदमाश दो युवकों पर चाकू से हमला करते हुए नजर आ रहे हैं। चाकूबाजी में रोहित राजपूत एवं सचिन पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। उन्होंने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान रोहित की मृत्यु हो गई, जबकि पटेल की हालत गंभीर है। हादसे की जानकारी लगते ही एसडीओपी महेंद्र सिंह चौहान और टीआई रामसनेही चौहान सरकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली और प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

 

इटारसी थाना प्रभारी आरएस चौहान ने बताया कि करणी सेना के नगरमंत्री रोहित सिंह राजपूत की हत्या पुराने विवाद को लेकर हुई। हत्या में मुख्य आरोपित रानू उर्फ राहुल (27) पुत्र फूलसिंह ठाकुर निवासी उत्तरी बंगलिया इटारसी है। रोहित सिंह और रानू ठाकुर का पुराना विवाद चल रहा था। आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

 

उन्होंने बताया कि आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि शुक्रवार रात को चाय की दुकान पर थे। उसी दौरान रोहित से झगड़ा हो गया। इस पर उन्होंने चाकू से हमला कर दिया। रोहित और सचिन को जांघ के नीचे चाकू मारे गए। जिसमें रोहित की मौत हो गई।

 

रोहित राजपूत की हत्या की जानकारी लगते ही जिलेभर से करणी सेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ता इटारसी पहुंच गए। भाजपा के इटारसी अध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने कहा कि शहर में निरंतर अपराधों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है, जिससे यहां की शांति भंग हो रही है। आए दिन हत्याएं, चाकूबाजी की घटना, जुआ, सट्टा, सूदखोरी, मैच का सट्टा, गुंडागर्दी जैसे अपराध हो रहे हैं। इसके विरोध में भाजपा नगर मंडल इटारसी एसपी साहब गुरुकरण सिंह के नाम ज्ञापन सौंपेगी।