Friday, September 20"खबर जो असर करे"

हॉकी विश्व कप: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 5-2 से हराया

राउरकेला। भारत में खेले जा रहे हॉकी विश्व कप में आज क्लासिफिकेशन राउंड के तहत नौ से 12वें स्थान के लिए मैच खेले गए। इसमें भारतीय हॉकी टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 5-2 से हरा दिया। इससे पहले टीम ने जापान को 8-0 से रौंदा था। इसी तरह अन्य तीन मुकाबले में फ्रांस ने चिली को 4-2, मलेशिया ने जापान को 3-2 और अर्जेंटीना ने वेल्स को 6-0 से मात दी।

नौ से 12वें स्थान के लिए खेले गए क्लासिफिकेशन राउंड के मैच में भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 5-2 धूल चटा दी। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में नौवां स्थान पक्का कर लिया है। राउरकेला में खेले गए इस मैच में भारत की ओर से अभिषेक, कप्तान हरमनप्रीत सिंह, शमशेर सिंह, आकाशदीप सिंह और सुखजीत सिंह ने गोल दागे। वहीं दक्षिण अफ्रीका की ओर से एमवीबी समकेलो और केसियम मुस्तफा ने गोल किए।

फ्रांस ने चिली को 4-2 से हराया
इससे पहले फ्रांस और चिली के बीच खेले गए मुकाबले में चिली को 4-2 से हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ फ्रांस ने टूर्नामेंट में 13वां स्थान हासिल किया। कर्टी एलियट ने मैच के पहले क्वार्टर में शानदार गोल किया था। 17वें मिनट में शार्लेन विक्टर ने दो पेनल्टी गोल कर चिली को मैच में वापस ही नहीं आने दिया। इस टूर्नामेंट में चिली एक भी मैच नहीं जीत पाई और उसका सफर खत्म हो गया।

अर्जेंटीना की एकतरफा जीत
अर्जेंटीना ने वेल्स को 6-0 से हराकर टूर्नामेंट में नौवां स्थान हासिल किया। मार्टिन फरेरा ने विजेता टीम के लिए दो गोल दागे। वहीं लुकस टोस्कानी, अगस्टीन बुगालो, सेंटियागो टाराजोना और मैको कासेला ने एक-एक गोल किया। अर्जेंटीना क्रॉसओवर मैच में दक्षिण कोरिया के हाथों उलटफेर का शिकार होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया था। वेल्स की ओर से कोई भी खिलाड़ी एक भी गोल नहीं कर पाया।

मलेशिया ने जापान को 3-2 से हराया
बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में दो एशियाई टीमों के बीच मैच में मलेशिया ने जापान को 3-2 से हराया। इस करीबी मुकाबले में शेलो सिल्वरियस के दो गोल का फायदा उठाते हुए मलेशिया ने जीत दर्ज की। जापान के काइतो तनाका ने सातवें मिनट में पेनल्टी पर गोल किया। हाफ टाइम तक दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर थीं। मलेशिया ने इस जीत के साथ 13वें स्थान के लिए दावेदारी पेश की है।