Friday, September 20"खबर जो असर करे"

Hockey World Cup 2023: भारत ने जीत के साथ किया आगाज, स्पेन को 2-0 से हराया

राउरकेला। भारत (India) ने वर्ल्ड कप हॉकी (Hockey World Cup ) में शानदार तरीके से आगाज किया है। राउरकेला में स्पेन के साथ हुए मुकाबले में टीम इंडिया ने 2-0 से जीत दर्ज की। इस तरह एफआईएच मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2023 (FIH Hockey Men’s World Cup 2023) के ग्रुप डी में भारत ने अपना पहला मुकाबला जीत लिया है। भारत के लिए पहला गोल स्थानीय खिलाड़ी अमित रोहिदास ने किया। दूसरे क्वार्टर में भी भारत ने शानदार खेल दिखाया और हार्दिक सिंह ने भारत के लिए दूसरा गोल कर, टीम का स्कोर 2-0 तक पहुंचा दिया।

भारत-स्पेन के बीच मैच देखने के लिए ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक भी ग्राउंड पर पहुंचे थे। उन्होंने मैच के शुरु में राष्ट्रगान में भी हिस्सा लिया। दोनों टीमों के बीच यह मैच राउरकेला के बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला गया। पूरे मैच के दौरान भारतीय टीम छाई रही और मैच पर उनका कंट्रोल बना रहा। उन्होंने स्पेन को ज्यादा मौके नहीं दिये और डिफेंस ने भी शानदार खेल दिखाया।

भारत के लिए 200वां गोल
जैसे ही अमित रोहिदास ने पेनल्टी कार्नर के लिए जरिए पहला गोल किया, भारत की टीम ने हॉकी विश्व कप के इतिहास में अपने गोल की संख्या को 200 पहुंचा दिया। वहीं, इसकी संख्या 200 से 201 तक पहुंचाने में हार्दिक सिंह का हाथ रहा, जो अकेले गेंद को काफी दूर से लेकर गये और आखिर क्षण में गोल किया।

पूरे मैच में दिखा कंट्रोल
पहले क्वार्टर में 1-0 की बढ़त हासिल करने के बाद भारत ने दूसरे क्वार्टर की शुरुआत भी अच्छे अंदाज में की।दूसरे क्वार्टर के 11वें मिनट में हार्दिक ने शानदार खेल दिखाया और गेंद को नेट तक पहुंचानेका काम किया। दूसरे क्वार्टर के आखिरी कुछ पलों में स्पेन के पास गोल करने का मौका था, लेकिन भारतीय गोलकीपर और डिफेंस ने ऐसा होने नहीं दिया। हाफ टाइम तक 3 पेनल्टी कार्नर भारत को मिले, जबकि स्पेन को एक पेनल्टी कार्नर मिला। भारतीय टीम पूल-डी में है। इस पूल में भारत और स्पेन के अलावा इंग्लैंड और वेल्स भी हैं।

हॉकी विश्व कप 2023 के पहले दिन अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, भारतीय हॉकी टीम और इंग्लैंड ने अपने-अपने मुकाबले जीते हैं। भारत ने शाम को राउरकेला के बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में अपना पहला मैच स्पेन के खिलाफ खेला। इसमें उसने खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन के दम पर 2-0 से जीत हासिल की। भारत के लिए मैच में अमित रोहिदास, हार्दिक सिंह ने गोल किए।

पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने काफी आक्रमक खेल दिखाया, लेकिन बाजी भारतीय टीम के हाथ लगी। भारत को तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले। 11वें मिनट में भारतीय टीम गोल नहीं कर पाई, लेकिन अगले ही मिनट में उन्हें एक और पेनल्टी कॉर्नर मिल गया। इस पर अमित रोहिदास ने शानदार गोल दाग दिया और भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। यह विश्व कप में भारतीय टीम का 200वां गोल था।

दूसरे क्वार्टर में स्पेन को 24वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला पर टीम गोल नहीं कर पाई। गोलकीपर कृष्ण पाठक ने गेंद की दिशा मोड़ दी और शानदार बचाव किया। 26वें मिनट में भारत ने दूसरा गोल किया। हार्दिक सिंह ने स्पेन के चार खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए यह गोल दागा। ललित यादव ने उनका साथ निभाया। इस विश्व कप में भारत का यह पहला फील्ड गोल था। हाफ टाइम तक भारत 2-0 से आगे था।

मैच के तीसरे क्वार्टर में भारत को एक और गोल करने का मौका मिला था, लेकिन इसमें उसे सफलता नहीं मिली। 32वें मिनट में भारतीय टीम को पेनल्टी स्ट्रोक मिला और कप्तान हरमनप्रीत सिंह स्ट्रोक लेने आए, लेकिन वह गोल नहीं लगा पाए। तीसरे और चौथे क्वार्टर में दोनों ही टीमें कोई भी गोल नहीं कर पाई। स्पेन ने आखिरी क्वार्टर में भारत के खिलाफ आक्रमक खेल दिखाया, लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने गोल करने का कोई मौका नहीं दिया।